बोलता सच,मुंबई : महाराष्ट्र में बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत शुरू हो चुकी है। 15 जनवरी को प्रस्तावित बीएमसी चुनाव के मद्देनजर बीजेपी ने साफ कर दिया है कि वह अजित पवार की एनसीपी के साथ गठबंधन नहीं करेगी। इसकी मुख्य वजह नवाब मलिक को चुनाव प्रभारी बनाए जाने पर बीजेपी की आपत्ति बताई जा रही है।
बीजेपी नेताओं का कहना है कि नवाब मलिक पर अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम से जुड़े लोगों के साथ मनी लॉन्ड्रिंग के गंभीर आरोप हैं, ऐसे में उनके नेतृत्व में चुनावी गठबंधन संभव नहीं है। वहीं, बीजेपी ने केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले के नेतृत्व वाली रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) के साथ गठबंधन की इच्छा जताई है।
राज्य के मंत्री और बीजेपी नेता आशीष शेलार ने बताया कि महायुति गठबंधन ने बीएमसी की 227 सीटों में से 150 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि अगला मेयर महायुति गठबंधन से ही होगा।
पिछले चुनाव में जीती सीटों पर बरकरार रहेगा दावा
सोमवार को देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि बीजेपी और एकनाथ शिंदे की शिवसेना बीएमसी सहित राज्य के 29 नगर निगमों में से अधिकांश में महायुति के रूप में मिलकर चुनाव लड़ेगी। इसी कड़ी में बीजेपी और शिवसेना नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर बैठक हुई।
बैठक के बाद आशीष शेलार ने बताया कि यह तय किया गया है कि जिन सीटों पर पिछली बार बीजेपी और शिवसेना के उम्मीदवार जीते थे, उन पर संबंधित पार्टी अपना दावा बनाए रखेगी। वहीं, जिन सीटों पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार जीते थे, उन सीटों पर बीजेपी और शिंदे गुट की शिवसेना दोनों दावेदारी पेश करेंगी।
अंतिम फैसला फडणवीस और शिंदे करेंगे
सूत्रों के मुताबिक, इस पहली बैठक में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ। दोनों दलों ने अपने-अपने सुझाव रखे हैं और सीट शेयरिंग का अंतिम फॉर्मूला मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मिलकर तय करेंगे। बताया जा रहा है कि शिंदे गुट की शिवसेना 100 से अधिक सीटों की मांग कर रही है।
गौरतलब है कि 2017 के बीएमसी चुनाव में अविभाजित शिवसेना ने 84 सीटें और बीजेपी ने 82 सीटें जीती थीं। बाद में महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के छह पार्षद शिवसेना में शामिल हो गए थे, जिससे शिवसेना की संख्या 90 हो गई थी। अब शिंदे गुट संयुक्त शिवसेना की पुरानी सीटों पर दावा कर रहा है।
इस बैठक में बीजेपी की ओर से आशीष शेलार, मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम, विधायक अतुल भातखलकर और एमएलसी प्रवीण दरेकर मौजूद रहे, जबकि शिवसेना की ओर से विधायक रवींद्र वायकर, प्रकाश सुरवे और राहुल शेवाले शामिल हुए।
इसको भी पढ़ें : लखनऊ: यूपी बीजेपी अध्यक्ष बनने के बाद पंकज चौधरी के तेवर सख्त, अखिलेश यादव को दिया करारा जवाब
➤ You May Also Like
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































