बोलता सच,फतेहपुर। जिले के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के सीतापुर गांव में बुधवार को एक पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। फसल के बंटवारे और लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग पिता ने अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक से बेटे और बहू पर गोली चला दी। घटना में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बिंदकी ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल और बाद में कानपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, सीतापुर गांव निवासी 75 वर्षीय रामखेलावन पटेल के पास वर्षों पुराना शस्त्र लाइसेंस है। बताया जाता है कि कई दशक पहले उनके घर डकैती पड़ी थी, जिसमें उनके पिता की मौत हो गई थी। इसी घटना के बाद प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा के मद्देनजर शस्त्र लाइसेंस जारी किया था।
रामखेलावन के दो बेटे हैं। बड़ा बेटा अवनीश पटेल (35) एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है, जबकि छोटा बेटा राजू कानपुर में रहता है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे घर में फसल के लेनदेन और पारिवारिक मामलों को लेकर रामखेलावन और अवनीश के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और परिवार के अन्य सदस्य भी इसमें शामिल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहस के दौरान अवनीश की पत्नी मनीषा (28) अपने पति के समर्थन में बोलने लगी। इससे रामखेलावन नाराज हो गए और कथित तौर पर बहू की ओर बढ़े। इसी बीच अवनीश ने पिता को रोकने का प्रयास किया और उन्हें धक्का दे दिया। इस घटना से आक्रोशित होकर रामखेलावन घर के अंदर गए और अपनी लाइसेंसी दुनाली बंदूक निकाल लाए।
आरोप है कि उन्होंने गुस्से में बेटे और बहू पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से मनीषा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके पेट में गोली लगने की बात सामने आई है। वहीं अवनीश के हाथ में गोली लगने से उसका एक पंजा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी पिता घटनास्थल से फरार हो चुका था। ग्रामीणों ने बताया कि उसे कुर्ता-पायजामा पहने साइकिल से जाते हुए देखा गया। घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस सेवा को दी गई, लेकिन समय पर एंबुलेंस न पहुंचने के कारण ग्रामीणों ने अपने निजी वाहनों से दोनों घायलों को सीएचसी बिंदकी पहुंचाया।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए उन्हें कानपुर भेजा गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक, क्षेत्राधिकारी गौरव शर्मा तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हमले में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली है।
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद का है। फसल और पारिवारिक मामलों को लेकर हुए विवाद में पिता द्वारा बेटे और बहू पर गोली चलाने की बात सामने आई है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि मामूली विवाद का इतना खतरनाक रूप लेना बेहद दुखद और चिंताजनक है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इसे भी पढ़े : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण का बड़ा एक्शन, 14 बिल्डरों पर 315 करोड़ रुपये की वसूली की कार्रवाई
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































