Breaking News

गीडा को मिलेगी नई औद्योगिक पहचान: मुख्यमंत्री करेंगे फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण, 208 करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात

Bolta Sach News
|
GIDA will get new industrial

बोलता सच,गोरखपुर। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) में औद्योगिक विकास और उद्यमिता को नई गति मिलने जा रही है। बड़े उद्योगों की स्थापना के साथ अब सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) के विस्तार का भी मार्ग प्रशस्त हो रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप गीडा के सेक्टर-13 में निर्मित फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स इसका प्रमुख आधार बनेगा। मुख्यमंत्री 3 जून को इस अत्याधुनिक परिसर का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर वह श्रमिकों के लिए बने आवासीय परिसर का उद्घाटन करने के साथ करीब 208 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे।

42.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स प्रदेश का दूसरा ऐसा परिसर है। इससे पहले पहला फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स कानपुर में स्थापित किया गया था। गीडा के औद्योगिक सेक्टर-13 में 10,860 वर्गमीटर क्षेत्रफल में निर्मित यह परिसर प्लग एंड प्ले मॉडल पर आधारित है, जहां उद्यमियों को उद्योग स्थापित करने के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहेंगी।

गीडा की मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनुज मलिक के अनुसार परिसर में जी प्लस तीन मंजिला औद्योगिक ब्लॉक में 80 इकाइयों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक इकाई का क्षेत्रफल 97.51 वर्गमीटर है। वहीं जी प्लस एक मंजिला यूटिलिटी ब्लॉक में 42 इकाइयां बनाई गई हैं, जिनका क्षेत्रफल 20.89 वर्गमीटर प्रति इकाई है। यूटिलिटी ब्लॉक में बैंक, गोदाम, बिक्री केंद्र और अन्य आवश्यक सेवाओं के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

प्लग एंड प्ले मॉडल के तहत उद्यमियों को उद्योग शुरू करने के लिए अतिरिक्त बुनियादी व्यवस्थाओं की जरूरत नहीं पड़ेगी। आवंटन के बाद वे सीधे उत्पादन कार्य शुरू कर सकेंगे। इस परियोजना से प्रत्यक्ष रूप से लगभग एक हजार लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। साथ ही रेडीमेड परिधान, सूचना प्रौद्योगिकी, औषधि निर्माण तथा अन्य प्रदूषण रहित उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन मिलेगा।

श्रमिकों के लिए 96 आवासों का उद्घाटन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गीडा के सेक्टर-11 स्थित आवासीय परिसर का भी उद्घाटन करेंगे। यह परिसर गीडा की इकाइयों में कार्यरत श्रमिकों के लिए तैयार किया गया है। इसमें आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और अल्प आय वर्ग के लिए कुल 96 आवास निर्मित किए गए हैं।

ग्राम कालेसर स्थित इस परियोजना का निर्माण गीडा ने अपने संसाधनों से कराया है। लगभग 18 करोड़ 54 लाख रुपये की लागत वाली इस योजना में 11 करोड़ 2 लाख रुपये की सब्सिडी प्रदान की गई है। तीन टावरों में निर्मित इस परिसर में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 48 तथा अल्प आय वर्ग के 48 आवास बनाए गए हैं।

आवासीय परिसर के आसपास व्यावसायिक केंद्र, सामुदायिक केंद्र, पार्क और खेल सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। सभी आवासों का आवंटन गीडा में कार्यरत श्रमिकों को ई-लॉटरी के माध्यम से किया जा चुका है।

71 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री इस दौरान गीडा क्षेत्र में 71 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, नाली, पुलिया, विद्युत व्यवस्था, अपशिष्ट प्रबंधन, जल शोधन संयंत्र तथा सीवरेज नेटवर्क जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।

इन विकास परियोजनाओं पर कुल 207.96 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। अधिकारियों का मानना है कि इन योजनाओं के पूरा होने से गीडा का औद्योगिक ढांचा और अधिक मजबूत होगा तथा पूर्वांचल में निवेश और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: