बोलता सच,कोलकाता : कोलकाता में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी माहौल गरमा गया है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का ‘संकल्प पत्र’ जारी करते हुए दो बड़े ऐलान किए हैं, जो राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गए हैं।
अमित शाह ने कहा कि यदि भारतीय जनता पार्टी पश्चिम बंगाल में सत्ता में आती है, तो सरकार बनने के छह महीने के भीतर समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि UCC भाजपा का एजेंडा नहीं, बल्कि संविधान सभा की भावना का हिस्सा है, जिसे “तुष्टिकरण की राजनीति” के कारण अब तक लागू नहीं किया जा सका।
इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री पद को लेकर भी बड़ा संकेत दिया। शाह ने कहा कि भाजपा अगर सत्ता में आई तो “बंगाल का ही बेटा” राज्य का मुख्यमंत्री बनेगा। इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं कि आखिर पार्टी किसे मुख्यमंत्री पद का चेहरा बना सकती है।
इस दौरान मौजूद नेताओं में समिक भट्टाचार्य और सुवेंदु अधिकारी के नाम प्रमुख रूप से सामने आए। हालांकि समिक भट्टाचार्य का जन्म असम में हुआ था, जबकि सुवेंदु अधिकारी का जन्म पश्चिम बंगाल में हुआ है। ऐसे में स्थानीय पहचान के आधार पर सुवेंदु अधिकारी को मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
अमित शाह ने इस मौके पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में वंशवादी और तुष्टिकरण की राजनीति हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ऐसी पार्टी नहीं है जो परिवारवाद में विश्वास रखती हो।
घोषणापत्र में भाजपा ने कई बड़े वादे भी किए हैं। इसमें घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹3000 की सहायता, और सत्ता में आने के 45 दिनों के भीतर राज्य कर्मचारियों के लिए सातवें वेतन आयोग के गठन का वादा शामिल है।
अमित शाह ने भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ को “सोनार बांग्ला” बनाने का रोडमैप बताया। उन्होंने कहा कि यह दस्तावेज़ किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा और राज्य के समग्र विकास की दिशा तय करेगा।
पश्चिम बंगाल में आगामी चुनाव को लेकर अब सियासी मुकाबला और तेज होने की उम्मीद है, जहां सभी दल जनता को लुभाने के लिए अपनी-अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतर चुके हैं।
इसे भी पढ़े : देवरिया में ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार
➤ You May Also Like











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































