Breaking News

महाराष्ट्र लोकल बॉडी चुनाव: महायुति की ऐतिहासिक बढ़त, एकनाथ शिंदे बोले—नगर निगम चुनावों का यह सिर्फ ट्रेलर

Bolta Sach News
|
maharashtra local body elections
बोलता सच,महाराष्ट्र : महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनावों की मतगणना के बीच उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने महायुति की बढ़त को ऐतिहासिक करार दिया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि ये नतीजे 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों का सिर्फ “ट्रेलर” हैं, जबकि असली तस्वीर आने वाले चुनावों में देखने को मिलेगी। शुरुआती रुझानों में भाजपा, अजित पवार गुट की एनसीपी और शिंदे गुट की शिवसेना से मिलकर बनी महायुति ने स्पष्ट बढ़त बनाई हुई है।
एकनाथ शिंदे ने कहा कि इन परिणामों से साफ है कि जनता अब राजनीति नहीं, बल्कि विकास को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि इसी विकास के एजेंडे के दम पर महायुति आगामी नगर निगम चुनावों में भी बड़ी जीत दर्ज करेगी। आंकड़ों का जिक्र करते हुए शिंदे ने दावा किया कि राज्य के 286 स्थानीय निकायों में से महायुति 200 से ज्यादा में आगे निकल चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने “सेंचुरी” लगाई है, जबकि शिवसेना ने “हाफ सेंचुरी” पूरी करते हुए राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है।
शिंदे ने कहा कि कोंकण शिवसेना का पारंपरिक गढ़ रहा है, लेकिन अब पार्टी की पहुंच सिर्फ मुंबई और ठाणे तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे महाराष्ट्र में घर-घर तक फैल चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन जगहों पर व्यक्तिगत रूप से हार हुई, वहां भी महायुति की सामूहिक जीत को प्राथमिकता दी गई।
इस दौरान उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए शिंदे ने कहा कि मतदाताओं ने ऐसे लोगों को घर बैठा दिया है जो खुद हमेशा घर पर ही बैठे रहते थे। उन्होंने कहा कि जनता ने यह तय कर दिया है कि असली शिवसेना कौन सी है और उनकी विचारधारा बालासाहेब ठाकरे की है। शिंदे ने दावा किया कि बालासाहेब होते तो इस जीत से बेहद खुश होते।
उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे के संभावित गठबंधन पर सवाल के जवाब में शिंदे ने कहा कि इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा, क्योंकि जनता केवल काम करने वालों को ही वोट देती है। अंत में उन्होंने इस जीत का श्रेय ‘लाड़की बहिन’ योजना की महिला लाभार्थियों और पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को देते हुए उनका आभार जताया।

इसको भी पढ़ें : उत्तर और मध्य भारत में शीतलहर का कहर, घने कोहरे का अलर्ट; यूपी-बिहार से दिल्ली तक बढ़ेगी ठंड


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “महाराष्ट्र लोकल बॉडी चुनाव: महायुति की ऐतिहासिक बढ़त, एकनाथ शिंदे बोले—नगर निगम चुनावों का यह सिर्फ ट्रेलर”

Leave a Reply