Breaking News

कांवड़ यात्रा 2026: दिल्ली में 15 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन की तैयारी, 30 जुलाई से लागू रहेगा विशेष ट्रैफिक प्लान

Bolta Sach News
|
Kanwar Yatra 2026 In Delhi

बोलता सच,नई दिल्ली : कांवड़ यात्रा को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विशेष ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू कर दिया है। इस दौरान उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली समेत विभिन्न राज्यों से करीब 15 से 20 लाख कांवड़ियों के राजधानी से होकर गुजरने की संभावना है। जलाभिषेक 11 और 12 अगस्त को होगा, जिसके मद्देनज़र सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

दिल्ली के विभिन्न हिस्सों में सैकड़ों कांवड़ शिविर लगाए जा रहे हैं। अकेले पूर्वी ट्रैफिक रेंज में लगभग 120 शिविर स्थापित होंगे, क्योंकि यह क्षेत्र कांवड़ियों के प्रमुख मार्गों में शामिल है।

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर नहीं मिलेगी एंट्री

सुरक्षा कारणों से दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कांवड़ियों और उनके वाहनों के लिए दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। श्रद्धालुओं से पारंपरिक कांवड़ मार्गों का ही उपयोग करने की अपील की गई है।

ये होंगे कांवड़ यात्रा के प्रमुख मार्ग

  • अप्सरा बॉर्डर से सीलमपुर होते हुए ISBT फ्लाईओवर तक।
  • भोपुरा बॉर्डर से वजीराबाद रोड, सीलमपुर और जीटी रोड के रास्ते नए ISBT ब्रिज तक।
  • भोपुरा बॉर्डर से वजीराबाद ब्रिज और आउटर रिंग रोड होते हुए।
  • लोनी बॉर्डर से खजूरी चौक के रास्ते सिग्नेचर ब्रिज या पुराने यमुना पुल तक।
  • सोनिया विहार से वजीराबाद रोड होते हुए पुराने यमुना पुल तक।
  • महाराजपुर बॉर्डर से गाजीपुर, NH-24 और मथुरा रोड के रास्ते आगे की यात्रा।

इन रास्तों पर रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार 9 अगस्त सुबह 7 बजे से 12 अगस्त रात 8 बजे तक अप्सरा बॉर्डर से यमुना ब्रिज तक जीटी रोड केवल कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगा। इस दौरान आम वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इसके अलावा महाराजपुर, अप्सरा, सीमापुरी, डीएलएफ, भोपुरा, लोनी, पुस्ता रोड और सोनिया विहार बॉर्डर से सामान्य यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। हालांकि, सोनिया विहार मार्ग पर सिटी बसों का संचालन जारी रहेगा।

भारी वाहनों पर भी रहेगी रोक

12 अगस्त तक जीटी रोड, वजीराबाद रोड, विकास मार्ग, आशा राम त्यागी मार्ग, पुस्ता रोड, लोनी रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। आवश्यकतानुसार इन्हें वैकल्पिक मार्गों की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम

पूर्वी ट्रैफिक रेंज में लगभग 640 ट्रैफिक पुलिसकर्मी, 47 मोबाइल ट्रैफिक यूनिट और 19 क्रेन तैनात रहेंगी। इसके अलावा दक्षिणी दिल्ली सहित अन्य क्षेत्रों में भी विशेष ट्रैफिक व्यवस्था लागू रहेगी। कालिंदी कुंज, बदरपुर बॉर्डर, एमबी रोड और मथुरा रोड के आसपास करीब 38 कांवड़ शिविर लगाए जाएंगे।

यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग, अलग लेन और मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। ट्रैफिक इंस्पेक्टर रात के समय भी व्यवस्था की निगरानी करेंगे।

यात्रियों के लिए सलाह

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी अवश्य लें और जहां संभव हो, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। विशेष रूप से पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर निकलने की सलाह दी गई है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: