Breaking News

चित्तौड़गढ़ में केमिकल फैक्टरी का बॉयलर फटा, 5 किमी तक सुनाई दी धमाके की आवाज, सरकारी दफ्तरों को नुकसान

Bolta Sach News
|
Chemical factory in Chittorgarh
बोलता सच,चित्तौड़गढ़ : चित्तौड़गढ़ जिले के कपासन स्थित रीको इंडस्ट्रियल एरिया में सोमवार रात करीब 11 बजे एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। मरून इंडस्ट्रीज नामक केमिकल फैक्टरी में बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज करीब 5 किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
ब्लास्ट के बाद हजारों किलो वजनी लोहे के टुकड़े हवा में उड़ते हुए करीब 300 मीटर दूर पंचायत परिसर तक जा गिरे। इनकी चपेट में आने से पंचायत परिसर के पास स्थित एसडीएम और तहसीलदार कार्यालयों को नुकसान पहुंचा। एसडीएम कार्यालय की छत की दीवार टूट गई, जबकि सरकारी परिसरों में मलबा बिखर गया।
आग की चपेट में फैक्टरी के पास स्थित एक स्क्रैप फैक्टरी भी आ गई। स्क्रैप फैक्टरी का टीनशेड उड़ गया और दीवारों में दरारें आ गईं। आग की वजह से केमिकल फैक्टरी का एक हिस्सा भी ढह गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, तेज धमाके से उनकी नींद खुल गई और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। चारों ओर आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। एक मकान की छत पर गिरा वाल्व वहां लगी पट्टी को तोड़ गया।
मंगलवार सुबह जब हालात सामान्य हुए तो लोगों ने देखा कि बॉयलर के टुकड़े करीब 500 मीटर तक दूर मकानों की छतों पर गिरे पड़े हैं। कई घरों के टीन शेड टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों को करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत और नियंत्रण कार्य में जेसीबी मशीनों की भी मदद ली गई।
कपासन विधायक अर्जुनलाल जीनगर ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है और कारणों की जांच की जा रही है।
जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने भी पुष्टि की कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। फैक्टरी मालिक से बातचीत कर जानकारी ली गई है और जांच जारी है।
एसपी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि हादसे के दौरान एक के बाद एक कई धमाके हुए और मशीनरी के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। राहत की बात यह रही कि किसी को चोट नहीं आई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शॉर्ट सर्किट के कारण केमिकल में आग लगी। फैक्टरी में गुजरात से केमिकल मंगाकर पेन किलर दवाओं के रॉ मटेरियल का एक हिस्सा तैयार किया जाता था। मामले में कपासन थाने में कॉन्स्टेबल जितेंद्र कुमार की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है।

इसको भी पढ़ें : शास्त्री पार्क फ्लाईओवर पर गन पॉइंट पर 80 लाख की लूट, कर्मचारी को गोली मारकर बदमाश फरार


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: