Breaking News

फतेहपुर में शादी समारोह में पालतू कुत्ते को लेकर बवाल, मंडप से कोतवाली तक पहुंचा मामला

Bolta Sach News
|
Pets at wedding ceremony in Fatehpur

बोलता सच,फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में एक शादी समारोह उस समय रणभूमि में बदल गया, जब मंडप के पास पहुंचे पालतू कुत्ते को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते बात कहासुनी से मारपीट तक पहुंच गई और आखिरकार शादी तोड़ने का फैसला लेना पड़ा।

कुत्ते की एंट्री से शुरू हुआ विवाद

खागा नगर के कैनाल रोड स्थित एक मैरिज हाल में गुरुवार तड़के विवाह समारोह चल रहा था। इसी दौरान वधू पक्ष की ओर से प्रयागराज से लाया गया पालतू कुत्ता शादी स्थल के अंदर घुसने लगा। फेरों से पहले किसी बाराती ने कुत्ते को अंदर आने से रोकते हुए उसे मार दिया। इस पर वधू पक्ष ने इसे अपमान बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।

देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया और दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। अफरातफरी के बीच कई लोग कमरों में बंद हो गए। घटना में एक महिला समेत चार लोगों के घायल होने की बात सामने आई है।

पहले कर चुके थे आर्य समाज मंदिर में विवाह

दूल्हे के भाई अमित का दावा है कि उसका भाई और युवती पहले से एक-दूसरे से प्रेम करते हैं और जनवरी में आर्य समाज मंदिर में विधि-विधान से शादी कर चुके हैं। परिवारों के दबाव के बाद सामाजिक रीति-रिवाज से दोबारा विवाह का आयोजन किया गया था।

वर पक्ष का आरोप है कि वधू पक्ष शुरू से इस शादी के पक्ष में नहीं था और जानबूझकर कुत्ता साथ लाकर विवाद खड़ा किया गया। हालांकि, वधू पक्ष की ओर से इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

कोतवाली पहुंचा मामला, समझौते से टूटी शादी

मारपीट के बाद दोनों पक्ष खागा कोतवाली पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी समझौते के आधार पर शादी न करने का निर्णय लिया है। किसी भी पक्ष ने लिखित शिकायत नहीं दी है। अंततः दोनों परिवारों ने एक-दूसरे को दिए गए उपहार और आभूषण लौटा दिए। यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।


इसको भी पढ़ें : हेतिमपुर टोल प्लाजा अनुबंध में 2.79 करोड़ की स्टाम्प चोरी का मामला, डीएम कोर्ट में मुकदमा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “फतेहपुर में शादी समारोह में पालतू कुत्ते को लेकर बवाल, मंडप से कोतवाली तक पहुंचा मामला”

Leave a Reply

error: