Breaking News

कफ सिरप तस्करी मामला: ईडी की 30 घंटे की छानबीन, लग्जरी सामान और फंड लेयरिंग के पुख्ता साक्ष्य मिले

Bolta Sach News
|
cough syrup smuggling case

बोलता सच,वाराणसी। कोडीनयुक्त कफ सिरप के अवैध कारोबार से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आरोपी शुभम जायसवाल और चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु अग्रवाल के ठिकानों पर करीब 30 घंटे तक गहन छानबीन की। शनिवार अपराह्न करीब पौने तीन बजे तक चली इस कार्रवाई के दौरान ईडी टीम ने महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य अपने कब्जे में लिए।

ईडी अधिकारियों ने शुभम जायसवाल के दो ठिकानों से 15-15 पन्नों की दो फाइलों में संकलित दस्तावेज जब्त किए हैं। सिगरा थाना क्षेत्र के बादशाहबाग कॉलोनी स्थित मकान से प्राडा और गुच्ची जैसे ब्रांड के लग्जरी बैग, राडो और ऑडेमार्स पिगुएट जैसी हाई-एंड घड़ियां बरामद हुई हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा घर के इंटीरियर पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाने के भी ठोस साक्ष्य मिले हैं। ईडी ने जब्त सामानों का अधिकृत वैल्यूएशन कराना शुरू कर दिया है।

सीए विष्णु अग्रवाल की भूमिका संदिग्ध

अन्नपूर्णा इंक्लेव कॉलोनी निवासी चार्टर्ड अकाउंटेंट विष्णु अग्रवाल के कार्यालय से करीब 140 फर्मों से जुड़ा डाटा बरामद किया गया है। ईडी टीम ने लैपटॉप और पेन ड्राइव सहित कई डिजिटल उपकरण खंगाले हैं। जांच एजेंसी को आशंका है कि फंड लेयरिंग और मनी रूटिंग में सीए की भूमिका अहम रही है। बैंक खातों, वित्तीय दस्तावेजों और अन्य संपत्तियों की गहन जांच जारी है।

अन्य ठिकानों से भी अहम सुराग

ईडी को अन्य आरोपियों के ठिकानों से भी कई महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं, जिससे बड़े पैमाने पर कफ सिरप के अवैध कारोबार की पुष्टि हो रही है। जांच एजेंसी को इस नेटवर्क के कई राज्यों तक फैले होने के संकेत मिले हैं।

मिर्जापुर में पुलिस की छापेमारी

कफ सिरप तस्करी से जुड़े मामले में शनिवार देर रात मिर्जापुर पुलिस ने कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया इलाके में छापेमारी की। अदलहाट थानाध्यक्ष अजय सेठ के अनुसार, यह कार्रवाई आरोपी शिवम दुबे की गिरफ्तारी के लिए की गई, लेकिन वह फरार मिला। इस छापेमारी का एक अहम पहलू यह रहा कि कैंट थाने के सब-इंस्पेक्टर शांतनु मिश्रा को कार्रवाई की पूर्व जानकारी नहीं थी और उन्होंने अपने थाना प्रभारी को भी इसकी सूचना नहीं दी थी।

हिमाचल कनेक्शन और शैली ट्रेडर्स की जांच तेज

खाद्य एवं औषधि प्रशासन आयुक्त रोशन जैकब के निर्देश पर ड्रग विभाग ने कफ सिरप तस्करी मामले में नई कार्रवाई शुरू करने का फैसला किया है। अब तक विभाग की ओर से 98 से अधिक फर्मों पर एफआईआर दर्ज की जा चुकी है। जांच में कफ सिरप के हिमाचल प्रदेश कनेक्शन का भी खुलासा हुआ है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, कथित सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल ने रांची से जौनपुर, वाराणसी और सोनभद्र तक कारोबार फैलाया था। कफ सिरप की बड़ी खेप हिमाचल प्रदेश में तैयार की जाती थी, जिसे दिल्ली होते हुए पूर्वांचल के जिलों में सप्लाई किया जाता था।

ड्रग विभाग अब शैली ट्रेडर्स के क्रय-विक्रय की पूरी कुंडली खंगालने की तैयारी में है। हाल ही में रामनगर थाना क्षेत्र के सूजाबाद इलाके में पकड़ा गया 63 लाख रुपये मूल्य का कफ सिरप भी हिमाचल प्रदेश में निर्मित पाया गया था। इस संबंध में एसआईटी प्रमुख एवं एडीसीपी काशी सरवणन टी. ने जानकारी दी थी।


इसको भी पढ़ें : यूपी भाजपा अध्यक्ष पद के लिए पंकज चौधरी ने किया नामांकन, सीएम योगी बने प्रस्तावक


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: