बोलता सच,नई दिल्ली : कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपने राष्ट्रीय प्रवक्ता विजेता दहिया को पद से हटा दिया है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर जारी आधिकारिक बयान में उनके कथित असंवेदनशील व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि उनका आचरण संगठन के मूल्यों और सिद्धांतों के अनुरूप नहीं है।
पार्टी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान जब CJP के कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी पुलिस कार्रवाई का सामना कर रहे थे, उसी समय विजेता दहिया से जुड़े कुछ वीडियो सामने आए। पार्टी के अनुसार, इस तरह का व्यवहार न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि यह आंदोलन की भावना और संगठन की विचारधारा के भी विपरीत है। बयान में कहा गया कि इसी कारण विजेता दहिया को तत्काल प्रभाव से पार्टी के प्रवक्ता पद से हटाते हुए उनकी सभी आधिकारिक जिम्मेदारियां समाप्त कर दी गई हैं।
वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद
विवाद की शुरुआत 20 जुलाई को आयोजित ‘संसद चलो मार्च’ के दौरान हुई। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें विजेता दहिया कथित तौर पर प्रदर्शन स्थल से अलग होकर बर्गर खाते दिखाई दिए।
इसके बाद एक अन्य वीडियो भी सामने आया, जिसमें कुछ युवक उनसे प्रदर्शन को लेकर सवाल पूछते नजर आए, जबकि विजेता दहिया ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इन वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी आलोचना शुरू हो गई।
विजेता दहिया ने दी सफाई
विवाद बढ़ने पर विजेता दहिया ने अपना पक्ष रखते हुए एक वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन समाप्त होने के बाद वह नहाने के लिए घर चले गए थे और उन्हें भूख लगी थी, इसलिए उन्होंने भोजन किया। हालांकि, उनकी इस सफाई के बाद भी विवाद थमता नजर नहीं आया।
प्रियंका चतुर्वेदी ने भी उठाए सवाल
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) की पूर्व सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से विजेता दहिया के आचरण पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या CJP के प्रवक्ता ने वास्तव में प्रदर्शन में हिस्सा लिया था या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि इस पूरे मामले पर पार्टी को स्पष्ट जवाब देना चाहिए।
विजेता दहिया को पद से हटाने के फैसले के साथ CJP ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि संगठन अपने सार्वजनिक प्रतिनिधियों के आचरण को लेकर किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरतेगा और पार्टी की विचारधारा के विपरीत व्यवहार करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : UP STF-NCB की बड़ी कार्रवाई: 10 करोड़ की मेथामफेटामाइन के साथ नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, साइबर ठगी और ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































