बोलता सच,मुजफ्फरनगर : मुजफ्फरनगर के नई मंडी क्षेत्र स्थित वैदिक पुत्री पाठशाला कन्या इंटर कॉलेज में नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान एक महिला वोकेशनल ट्रेनर ने कॉलेज के प्रबंधक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि नौकरी जॉइन कराने के बदले उनसे शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला गया और आपत्तिजनक बातचीत की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कॉलेज के 75 वर्षीय प्रबंधक अरविंद गर्ग को गिरफ्तार किया, हालांकि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उन्हें थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया। मामले में कॉलेज की प्रधानाचार्य को भी नामजद किया गया है।
संविदा पर हुआ था चयन
पीड़िता के अनुसार उनका हाल ही में संविदा के आधार पर वोकेशनल ट्रेनर के पद पर चयन हुआ था। जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय से नियुक्ति पत्र मिलने के बाद वह 21 जुलाई को सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ कॉलेज पहुंचीं। आरोप है कि उस दिन प्रधानाचार्य के अनुपस्थित होने की बात कहकर उन्हें अगले दिन आने के लिए कहा गया।
जॉइनिंग के बदले आपत्तिजनक प्रस्ताव का आरोप
महिला का आरोप है कि अगले दिन कॉलेज पहुंचने पर उनकी मुलाकात कॉलेज के प्रबंधक अरविंद गर्ग से हुई। उन्होंने दस्तावेजों में कमियां बताने के साथ नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराने के बदले शारीरिक संबंध बनाने का प्रस्ताव रखा। महिला ने इसका विरोध किया और घर जाकर पूरी घटना अपने पति को बताई।
मोबाइल में रिकॉर्ड की कथित बातचीत
पीड़िता का कहना है कि पति की सलाह पर वह अगले दिन फिर कॉलेज पहुंचीं। इस बार उन्होंने मोबाइल फोन पर बातचीत रिकॉर्ड करने की तैयारी की थी। आरोप है कि प्रबंधक ने एक बार फिर अशोभनीय और आपत्तिजनक बातें दोहराईं। इसके बाद महिला नई मंडी कोतवाली पहुंचीं और लिखित शिकायत दर्ज कराई।
महिला कर्मचारी और CCTV नहीं होने का दावा
शिकायत में महिला ने कहा कि घटना के समय कार्यालय में कोई महिला कर्मचारी मौजूद नहीं थी और परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी उनकी उम्र से काफी बड़े हैं, इसके बावजूद उन्होंने अनुचित व्यवहार किया, जिससे उन्हें मानसिक आघात पहुंचा।
प्रबंधक पर मुकदमा, प्रधानाचार्य भी नामजद
महिला की शिकायत के आधार पर नई मंडी पुलिस ने कॉलेज के प्रबंधक अरविंद गर्ग और प्रधानाचार्य राजेश कुमारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने प्रबंधक को हिरासत में लेकर पूछताछ की और बाद में नियमानुसार थाने से ही जमानत पर रिहा कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
नई मंडी थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग समेत उपलब्ध साक्ष्यों और सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में आरोपों की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने पर बोले जेडीयू विधायक श्याम रजक, ‘सरकार की पहल से बना सकारात्मक माहौल’
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.








































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































