Breaking News

स्वतंत्रता दिवस पर पीएम मोदी की अपील: हर घर फहराएं तिरंगा, विकसित भारत का लें संकल्प

Bolta Sach News
|
PM on Independence Day

बोलता सच,नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से 15 अगस्त को पूरे गर्व, सम्मान और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह दिन स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करने और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने का अवसर है। प्रधानमंत्री ने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया।

मंगलवार को जारी संदेश में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आइए हम सभी 15 अगस्त को आन-बान-शान के साथ मनाएं। स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दें और विकसित भारत का संकल्प लें। हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा, हर मन तिरंगा। आइए हर घर पर तिरंगा लहराएं।”

लाल किले पर पहली बार गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

केंद्र सरकार ने घोषणा की है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान ऐतिहासिक लाल किले पर पहली बार राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम “विकसित भारत 2047 में युवा शक्ति की भूमिका” रखी गई है, जिसके माध्यम से देश के युवाओं के योगदान और उपलब्धियों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा। भारत इस वर्ष अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराने के बाद देश को संबोधित करेंगे।

युवा शक्ति पर रहेगा विशेष फोकस

रक्षा सचिव आर.के. सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह में युवाओं की भूमिका को विशेष रूप से रेखांकित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी है और भविष्य में इस विकास का सबसे अधिक लाभ भी युवाओं को ही मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि समारोह की थीम पहले से तय थी और इसका उद्देश्य देश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करना है।

एमआई-17 हेलीकॉप्टर करेगा पुष्पवर्षा

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान भारतीय वायुसेना का एमआई-17 हेलीकॉप्टर लाल किले के ऊपर से उड़ान भरेगा। ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में हेलीकॉप्टर विशेष बैनर प्रदर्शित करेगा और समारोह में मौजूद लोगों पर पुष्पवर्षा करेगा।

केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दें तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।


इसे भी पढ़े : प्रयागराज पहुंचे राहुल गांधी, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में छात्रों से करेंगे संवाद; दो लाख जुटने का अनुमान


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: