Breaking News

अयोध्या में सीएम योगी ने डॉ. रामविलास वेदांती को दी श्रद्धांजलि, राम मंदिर में किया दर्शन-पूजन

Bolta Sach News
|
In Ayodhya, CM Yogi met Dr.

बोलता सच,अयोध्या: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या पहुंचे और श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के प्रमुख नेता तथा भाजपा के पूर्व सांसद डॉ. रामविलास वेदांती को श्रद्धांजलि अर्पित की। एक दिन पहले हृदयाघात से उनका निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने वशिष्ठ आश्रम पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और संत के योगदान को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, “आज श्री अयोध्या धाम में पूर्व सांसद एवं वशिष्ठ आश्रम के पूज्य संत, ब्रह्मलीन डॉ. रामविलास वेदांती जी महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की। राम काज व राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित उनका संपूर्ण त्यागमय जीवन हम सभी के लिए सदैव स्मरणीय और प्रेरणाप्रद रहेगा। प्रभु श्रीराम से प्रार्थना है कि पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें।”

अधिकारियों के अनुसार, अयोध्या दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर और हनुमानगढ़ी में भी दर्शन-पूजन किया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की।

बीमारी के चलते हुआ निधन

67 वर्षीय डॉ. रामविलास वेदांती का सोमवार को मध्य प्रदेश के रीवा जिले के एक अस्पताल में निधन हो गया था। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, भर्ती के समय वे रक्त विषाक्तता (सेप्टीसीमिया) से गंभीर रूप से पीड़ित थे, जो शरीर में तेजी से फैल चुकी थी। संक्रमण के कारण उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया, जिससे उनकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

कौन थे डॉ. रामविलास वेदांती

डॉ. रामविलास वेदांती श्रीराम जन्मभूमि न्यास के कार्यकारी अध्यक्ष रहे और राम मंदिर आंदोलन के प्रमुख चेहरों में गिने जाते थे। उनका जन्म 7 अक्टूबर 1958 को मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गुढ़वा गांव में हुआ था। वे लंबे समय तक अयोध्या में रहकर राम जन्मभूमि आंदोलन का नेतृत्व करते रहे।

राजनीतिक जीवन में वे उत्तर प्रदेश के मछलीशहर से वर्ष 1996 से 1998 तक और प्रतापगढ़ से 1998 से 1999 तक लोकसभा सदस्य रहे। उनके उत्तराधिकारी महंत राघवेश दास के अनुसार, वेदांती अयोध्या के नया घाट क्षेत्र में रहते थे, जहां उनका ‘वशिष्ठ भवन’ नामक आश्रम स्थित है।

डॉ. रामविलास वेदांती के निधन से संत समाज, राम मंदिर आंदोलन से जुड़े कार्यकर्ताओं और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है।


इसको भी पढ़ें : देवरिया में आजाद अधिकार सेना का विरोध, अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी को बताया अवैध


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “अयोध्या में सीएम योगी ने डॉ. रामविलास वेदांती को दी श्रद्धांजलि, राम मंदिर में किया दर्शन-पूजन”

Leave a Reply

error: