Breaking News

यूपी ATS की बड़ी कार्रवाई: ISI और पाकिस्तानी गैंगस्टर के नेटवर्क से जुड़े संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी, हथियार बरामद

Bolta Sach News
|
Major action by UP ATS

बोलता सच,लखनऊ। उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और पाकिस्तानी गैंगस्टर के नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आजमगढ़ निवासी मोहम्मद शेख के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एटीएस के अनुसार, आरोपी पाकिस्तान के गैंगस्टर शहजाद भट्टी और उसके सहयोगियों के संपर्क में था तथा भारत में स्लीपर सेल तैयार करने और आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की साजिश का हिस्सा बन चुका था।

सोशल मीडिया के जरिए बना संपर्क

एटीएस को सूचना मिली थी कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और आतंकी संगठन सोशल मीडिया के माध्यम से भारतीय युवाओं को अपने नेटवर्क से जोड़ रहे हैं। जांच में सामने आया कि युवाओं को धन का लालच और धार्मिक भावनाएं भड़काकर कट्टरपंथ की ओर धकेला जा रहा था, ताकि उन्हें आतंकी गतिविधियों के लिए इस्तेमाल किया जा सके।

इसी जांच के दौरान आजमगढ़ निवासी मोहम्मद शेख का नाम सामने आया। जांच एजेंसी के मुताबिक वह व्हाट्सएप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

अन्य युवाओं को भी जोड़ने का आरोप

एटीएस का दावा है कि मोहम्मद शेख न केवल इस नेटवर्क की विचारधारा से प्रभावित था, बल्कि वह अपने साथियों और अन्य युवाओं को भी इस नेटवर्क से जोड़ने तथा गैरकानूनी गतिविधियों के लिए प्रेरित करने का प्रयास कर रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि उसे शहजाद भट्टी के अलावा उसके सहयोगी अजमल गुर्जर और रजा निर्देश दे रहे थे।

महिला नेत्री की हत्या का मिला था कथित जिम्मा

एटीएस के अनुसार, आरोपी को शहजाद भट्टी गिरोह के हैंडलरों ने एक राजनीतिक दल की महिला नेत्री को धमकाने और उनकी हत्या करने का कथित जिम्मा सौंपा था। जांच एजेंसी का कहना है कि यह उसके लिए एक “ट्रायल मिशन” था, जिसके सफल होने पर उसे किसी बड़े आतंकी मिशन में शामिल किए जाने की योजना थी।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी इस कथित साजिश को अंजाम देने की तैयारी कर चुका था और उसने इसके लिए एक 9 एमएम पिस्टल तथा चार जिंदा कारतूस की व्यवस्था भी कर ली थी।

पर्याप्त साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी

एटीएस ने बताया कि मामले में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद मोहम्मद शेख को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे 31 मई को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। फिलहाल एजेंसी मामले की गहन जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।


इसे भी पढ़े : यमुना प्रदूषण मामला: हरियाणा सरकार ने एनजीटी में पेश किया रोडमैप, 2028 तक ड्रेनों से गंदा पानी रोकने का लक्ष्य


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: