Breaking News

रामराज में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
Youth in broad daylight in Ramraj

बोलता सच,मेरठमेरठ जनपद से सटे रामराज कस्बे में बुधवार दोपहर सरेबाजार एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान हमलावर ने खुलेआम ललकारते हुए चुनौती दी, जिससे बाजार में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

सरेआम फायरिंग से दहशत

मोहल्ला जगजीवन पुरी निवासी 28 वर्षीय सुनील उर्फ सुरेंद्र उर्फ गाबा दोपहर करीब 1:35 बजे बाजार से गुजर रहा था। तभी फलावदा निवासी आरोपी प्रदीप धीमान बाइक से पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ चार गोलियां चला दीं। गोलियां कमर और कनपटी में लगीं, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, फायरिंग के दौरान आरोपी ने चिल्लाकर कहा, “है कोई माई का लाल पूरे बाजार में जो तुझे बचा ले।” गोली की आवाज से दुकानदारों ने शटर गिरा दिए और राहगीरों में भगदड़ मच गई। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

प्रेम प्रसंग में हत्या की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक पिछले डेढ़ वर्ष से आरोपी की पत्नी के साथ रह रहा था और हाल ही में कोर्ट मैरिज की तैयारी कर रहा था। इसी विवाद के चलते हत्या की साजिश रची गई। सूत्रों के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी ने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पत्नी और परिवार को परेशान करने वाले पुलिसकर्मियों को भी धमकी दी।

एसएसपी ने दी जानकारी

मेरठ के एसएसपी अविनाश पांडे ने बताया कि पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उसने तमंचा तानने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे काबू कर लिया। उसके पास से अवैध हथियार बरामद किया गया है।

एसएसपी के अनुसार, आरोपी की मानसिक स्थिति को देखते हुए फिलहाल उसके परिवार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

सीमावर्ती क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल

रामराज कस्बा दो जिलों की सीमा पर स्थित है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण पुलिस समन्वय में दिक्कतें आती हैं। इस घटना ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।


इसे भी पढ़े : पिता के टुकड़े कर नीले ड्रम में छिपाने वाले लखनऊ के अक्षत का कबूलनामा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply