Breaking News

देवरिया : नम आंखों से दी गई शिवानंद को अंतिम विदाई, पांच वर्षीय बेटे ने दी मुखाग्नि

Bolta Sach News
|
Deoria Shivanand was given with moist eyes
बोलता सच,देवरिया : शिवानंद चौरसिया का शव गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घर पर शव पहुंचते ही पिता रामजी चौरसिया, मां कलावती देवी, पत्नी सुशीला देवी समेत अन्य परिजन बिलख पड़े। मां और पत्नी की हालत इतनी खराब हो गई कि वे बार-बार बेहोश हो रही थीं। आसपास मौजूद महिलाएं उन्हें संभालने और होश में लाने का प्रयास करती रहीं।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पत्नी सुशीला देवी बार-बार पति को याद कर विलाप करती रहीं, जबकि छोटे भाई रामप्रवेश चौरसिया की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे। पांच वर्षीय पुत्र बलवीर और बेटी बानकी भी पिता के शव के पास पहुंचकर फूट-फूट कर रोते रहे। घर पर अंतिम दर्शन के लिए ग्रामीणों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जुटी रही। सभी ने नम आंखों से शिवानंद को श्रद्धांजलि अर्पित की।
अंतिम दर्शन के बाद परिजनों ने शिवानंद की अर्थी को कंधा दिया। इस दौरान सुरौली थाना प्रभारी अविनाश कुमार मौर्य ने भी अर्थी को कंधा देकर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। इसके बाद अंतिम यात्रा बरहज स्थित कटईलवा घाट के लिए रवाना हुई। रास्ते भर लोगों ने नम आंखों से शिवानंद को अंतिम विदाई दी।
घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। शिवानंद के पांच वर्षीय पुत्र बलवीर ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। मासूम बेटे को पिता की चिता को अग्नि देते देख वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
अंतिम संस्कार के दौरान एसडीएम सदर प्रवीण कुमार, प्रमोद कुमार शाही, सांसद प्रतिनिधि प्रिंस चतुर्वेदी, केशव शर्मा, गोविंद चौरसिया, भीमराज चौरसिया, अजय कुमार शाही, रामेश्वर शाही, शिवप्रसाद चौरसिया, आनंद चौरसिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बताया गया कि शिवानंद का शव बुधवार रात देवरिया मेडिकल कॉलेज की मोर्चरी में रखा गया था। गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस सुरक्षा के बीच शव को एंबुलेंस से गांव लाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराई गईं।

इसे भी पढ़े : देवरिया मेडिकल कॉलेज में लापरवाही का आरोप, दाहिने हाथ में फ्रैक्चर के बावजूद बाएं हाथ में चढ़ा दिया प्लास्टर


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply