Breaking News

गोरखपुर में बनेगा इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, सीएम योगी ने किया शिलान्यास

Bolta Sach News
|
International cricket will be made in Gorakhpur
बोलता सच,गोरखपुर : गोरखपुर में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों के आयोजन का सपना अब साकार होने जा रहा है। योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को गोरखपुर के ताल नदोर क्षेत्र में बनने वाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने खेल और खिलाड़ियों के हित में बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि स्टेडियम के बगल में आरक्षित 60 एकड़ भूमि पर विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स भी विकसित किया जाएगा।

करीब 393 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण 46 एकड़ भूमि पर किया जाएगा। इसमें लगभग 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी। कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सभी प्रमुख इनडोर खेलों की सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जबकि हॉकी सहित अन्य आउटडोर खेलों के लिए भी आधुनिक व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्टेडियम और स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने से क्षेत्र में होटल, रेस्त्रां और व्यापारिक गतिविधियों का विस्तार होगा, जिससे बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

ताल नदोर क्षेत्र के विकास का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुछ वर्ष पहले तक यह इलाका उपेक्षित और बंजर पड़ा था, जहां अवैध कब्जे की समस्या थी। अब सरकार ने जमीन को कब्जामुक्त कर युवाओं के भविष्य को संवारने के लिए इसे विकास परियोजनाओं में उपयोग करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इसी क्षेत्र में पशु चिकित्सा महाविद्यालय की स्थापना भी की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश को जाति, भाषा और क्षेत्र के नाम पर बांटने वाले लोग जनता के हितैषी नहीं हो सकते। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को माफियामुक्त, गुंडामुक्त और दंगामुक्त बनाकर विकास की नई दिशा दी है।

खिलाड़ियों के प्रोत्साहन को लेकर सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार अब तक लगभग 550 पदक विजेता खिलाड़ियों को सीधी भर्ती के माध्यम से सरकारी नौकरी दे चुकी है। इसके अलावा 500 खिलाड़ियों की नई भर्ती प्रक्रिया भी शुरू की गई है। उन्होंने बताया कि ओलंपिक, एशियाड, कॉमनवेल्थ और विश्वस्तरीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सीधे सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया अभियान के माध्यम से देश में नई खेल संस्कृति विकसित हुई है। सरकार गांव स्तर पर खेल मैदान, ब्लॉक स्तर पर मिनी स्टेडियम, जिला स्तर पर स्टेडियम और मंडल स्तर पर स्पोर्ट्स कॉलेज विकसित कर रही है। उन्होंने बताया कि मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का निर्माण भी पूरा हो चुका है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पश्चिम एशिया में चल रहे संकट और पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कठिन वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद भारत सरकार ने आम जनता को राहत देने का प्रयास किया है। सीएम योगी ने क्रिकेट स्टेडियम निर्माण के लिए सीएसआर फंड से 100 करोड़ रुपये देने पर इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम का आभार व्यक्त किया।

भूमिपूजन कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर मंत्री डॉ. संजय निषाद, कमलेश पासवान सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply