Breaking News

सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक बनी मौत की वजह, रील बनाते समय मां ने गंवाई जान

Bolta Sach News
|
going viral on social media
बोलता सच,बांदा : सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। रील बनाने के जुनून में एक महिला की जान चली गई, जबकि उसकी चार साल की मासूम बेटी अनजाने में इस दर्दनाक घटना की गवाह बन गई। हैरान करने वाली बात यह रही कि बच्ची ही अपनी मां का वीडियो रिकॉर्ड कर रही थी।
जानकारी के अनुसार, करूइडा पुरवा निवासी मोहनी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थी और लगातार नई-नई रील बनाने की कोशिश में लगी रहती थी। उसके पति जगदीश ने बताया कि बीते करीब एक महीने से मोहनी यूट्यूब पर फंदा लगाने से जुड़े वीडियो देख रही थी और अलग-अलग तरीकों की जानकारी जुटा रही थी। उन्होंने कई बार पत्नी को इस आदत से रोकने का प्रयास किया, लेकिन उस पर कोई असर नहीं हुआ।
घटना वाले दिन मोहनी ने रील बनाने के लिए अपनी चार साल की बेटी को मोबाइल फोन दिया और वीडियो रिकॉर्ड करने को कहा। कुछ ही देर में बच्ची ने देखा कि उसकी मां फंदे से लटकी हुई अचेत अवस्था में है। यह देखकर वह डर गई और जोर-जोर से रोने लगी। बच्ची की आवाज सुनकर अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और मोहनी को नीचे उतारा गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि महिला के मोबाइल फोन को जब्त कर लिया गया है और उसकी जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना किन परिस्थितियों में हुई।
इस पूरे मामले पर मनोवैज्ञानिक डॉ. विनीत सचान ने चिंता जताते हुए कहा कि इस तरह की घटना का असर न सिर्फ परिवार पर बल्कि उस मासूम बच्ची के मानसिक स्वास्थ्य पर भी लंबे समय तक पड़ेगा। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया की लत और वायरल होने की सनक कई बार बेहद खतरनाक रूप ले लेती है, जिसका खामियाजा पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है।

इसको भी पढ़ें : रामपुर कारखाना में 122 जीवित मतदाताओं को मृत दिखाकर नाम कटवाने का आरोप, गांव में हंगामा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: