Breaking News

जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी ने सुनीं समस्याएं, तुरंत समाधान के दिए निर्देश

Bolta Sach News
|
Chief Minister Yogi in public darshan
बोलता सच,लखनऊ : लखनऊ में सोमवार को आयोजित ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इस दौरान अलग-अलग जिलों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी व्यक्तिगत, आर्थिक और सामाजिक समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं, जिन पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।

कार्यक्रम के दौरान बरेली की रहने वाली दीप्ति ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी कठिन परिस्थितियों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह किराए के मकान में रहकर ठेला लगाकर किसी तरह अपने परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। सीमित आय के कारण बच्चों की पढ़ाई और दैनिक जरूरतों को पूरा करना उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है। उनकी व्यथा सुनकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए और तत्काल बरेली के जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि महिला को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ दिलाया जाए, ताकि वह अपने रोजगार को आगे बढ़ा सकें और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन सकें।

इसके अलावा कई लोगों ने इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग भी रखी। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि संबंधित मामलों का तत्काल आकलन (एस्टिमेट) तैयार कर शासन को भेजा जाए, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और किसी को भी इलाज के अभाव में परेशान नहीं होने दिया जाएगा।

जनता दर्शन में पहुंचे कुछ अभिभावकों ने बच्चों की शिक्षा को लेकर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि आर्थिक तंगी के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी बच्चे की शिक्षा बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि संबंधित स्कूल प्रबंधन से समन्वय बनाकर बच्चों की पढ़ाई जारी रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान अवैध कब्जे और पुलिस की लापरवाही से जुड़े मामलों पर भी मुख्यमंत्री ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में तुरंत कार्रवाई की जाए और पीड़ितों को न्याय दिलाया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन की जिम्मेदारी है कि वह जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान करे और लोगों को अनावश्यक परेशानियों से बचाए।

कुछ लोगों ने आवास की समस्या को लेकर भी मुख्यमंत्री से गुहार लगाई। इस पर मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार हर पात्र व्यक्ति को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के तहत घर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने संबंधित जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों की जांच कर पात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाया जाए।

जनता दर्शन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री का संवेदनशील और सक्रिय रवैया देखने को मिला। उन्होंने न केवल समस्याओं को सुना, बल्कि उनके समाधान के लिए तुरंत निर्देश भी दिए। कार्यक्रम में आए लोगों ने मुख्यमंत्री के इस प्रयास की सराहना की और उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।


Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply