बोलता सच,लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए 21 जून को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) की बसों में यात्रा पर 50 प्रतिशत किराया छूट देने की घोषणा की है। अभ्यर्थियों को यह सुविधा बस में अपना एडमिट कार्ड दिखाने पर मिलेगी।
मंगलवार देर रात मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर नीट परीक्षा, मुहर्रम और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों के साथ प्रदेश की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के 59 जिलों में लगभग 3.5 लाख अभ्यर्थी नीट परीक्षा में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दूसरे जिलों में परीक्षा देने जा रहे ऐसे अभ्यर्थियों के लिए अस्थायी आवास की व्यवस्था की जाए, जिनके पास ठहरने की कोई सुविधा नहीं है।
सीएम योगी ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की गाइडलाइन के अनुरूप परीक्षा की पवित्रता, पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं। उन्होंने सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर अफवाह फैलाने या भ्रामक जानकारी प्रसारित करने वालों पर कड़ी निगरानी रखते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
योग दिवस की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने योग को भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि यह शरीर और मन को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है। इस वर्ष योग दिवस की थीम “स्वस्थ जीवनकाल के लिए योग” निर्धारित की गई है।
उन्होंने अधिकारियों को प्रधानमंत्री के योग दिवस कार्यक्रम के राज्यव्यापी सीधा प्रसारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जनप्रतिनिधियों को कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि योग दिवस पर प्रदेश की सभी 58 हजार ग्राम पंचायतों और 762 शहरी निकायों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अमृत सरोवरों, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर सामूहिक योग कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
इसके अलावा, योग दिवस से एक दिन पूर्व शहरी विकास, ग्रामीण विकास और पंचायती राज विभागों को शिक्षण संस्थानों के सहयोग से विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के लिए कहा गया है।
शिकायत निस्तारण व्यवस्था की भी समीक्षा
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने सीएम हेल्पलाइन, जनता दर्शन और आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की स्थिति की भी समीक्षा की। कुछ जिलों में शिकायतों के समाधान की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।
इसे भी पढ़े : देवरिया में अपराधों के विरोध में भाकपा माले का प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































