Breaking News

राम मंदिर प्रबंधन में आंदोलन से जुड़े लोगों को भी मिले जिम्मेदारी: सांसद करण भूषण सिंह

Bolta Sach News
|
Movement in Ram Temple Management
बोलता सच,अयोध्या : कैसरगंज से भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण टिप्पणी की है। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रबंधन में उन लोगों को भी शामिल किया जाना चाहिए, जो राम मंदिर आंदोलन से शुरू से जुड़े रहे हैं और जिन्होंने लंबे समय तक इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई है।
सांसद का यह बयान ऐसे समय में आया है जब राम मंदिर में चढ़ावे और दान राशि में कथित अनियमितताओं को लेकर जांच जारी है। हाल ही में पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी नृपेंद्र मिश्र ने मंदिर के बेहतर संचालन के लिए एक अनुभवी और सक्षम मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) या विशेष कार्याधिकारी की नियुक्ति की आवश्यकता जताई थी।
करण भूषण सिंह ने कहा कि मंदिर प्रबंधन में कौन रहेगा और कौन नहीं, यह निर्णय संबंधित संस्थाओं का विषय है, लेकिन उनकी व्यक्तिगत राय है कि राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़े स्थानीय और पुराने कार्यकर्ताओं को भी प्रबंधन में स्थान मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग मंदिर की व्यवस्था, देखरेख और रखरखाव को बेहतर ढंग से संभाल सकते हैं, क्योंकि उनका इस आंदोलन और उससे जुड़ी भावनाओं से गहरा जुड़ाव रहा है।
इस बीच, मंदिर में दान और चढ़ावे से जुड़ी कथित गड़बड़ियों की जांच कर रही विशेष जांच दल (एसआईटी) लगातार तीसरे दिन भी राम जन्मभूमि परिसर में जांच-पड़ताल में जुटी रही। जांच के दौरान आईटी विशेषज्ञों की टीम सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण कर रही है, ताकि मामले से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके।
पूर्व प्रशासनिक अधिकारी नृपेंद्र मिश्र ने एक साक्षात्कार में कहा था कि मंदिर के प्रशासन और संचालन को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के अनुरूप उच्च स्तर का बनाने के लिए अनुभवी सीईओ की नियुक्ति आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया था कि ऐसा अधिकारी ट्रस्ट के अधीन कार्य करे, लेकिन उसे दैनिक प्रशासनिक निर्णय लेने की पर्याप्त स्वतंत्रता भी मिले।
उधर, जांच प्रक्रिया के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 जून को अयोध्या दौरे पर पहुंचेंगे। उनका यह दौरा श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास के जयंती समारोह के तहत आयोजित कार्यक्रमों से जुड़ा है। इस अवसर पर अयोध्या में श्रीराम कथा का शुभारंभ भी किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री के शामिल होने की संभावना है।

इसे भी पढ़े : आगरा में एमजी रोड के बीच बनी मजार हटाई गई, यातायात सुगम बनाने की कवायद


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply