Breaking News

बांदा बाल यौन शोषण मामला: जेई रामभवन और पत्नी को विशेष पॉक्सो कोर्ट से मृत्यु दंड

Bolta Sach News
|
Banda child sexual abuse case
बोलता सच,बांदा : उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में बच्चों के यौन शोषण के सनसनीखेज मामले में विशेष पॉक्सो कोर्ट ने सिंचाई विभाग के निलंबित जेई रामभवन और उसकी पत्नी दुर्गावती को दोषी ठहराते हुए मृत्यु दंड की सजा सुनाई है। 34 पीड़ित बच्चों में से 25 की गवाही इस मामले में निर्णायक साबित हुई।

नवंबर 2020 में हुआ था खुलासा

मामला नवंबर 2020 में तब सामने आया, जब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने 31 अक्टूबर 2020 को नई दिल्ली में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। विश्वसनीय सूचना के आधार पर एजेंसी को पता चला कि बांदा जिले के नरैनी कस्बे का निवासी जेई रामभवन, अन्य अज्ञात सहयोगियों के साथ मिलकर बांदा, चित्रकूट और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों का यौन शोषण कर रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बच्चों के साथ घिनौने कृत्यों के दौरान उनकी तस्वीरें और वीडियो बनाता था। गिरफ्तारी के बाद बाल कल्याण समिति की मौजूदगी में जब पीड़ित बच्चों का सामना आरोपी से कराया गया, तो बच्चों ने उसे पहचानते हुए गंभीर आरोप लगाए। बच्चों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट जांच की मजबूत कड़ी बने।

एम्स की मेडिकल रिपोर्ट बनी अहम साक्ष्य

सीबीआई टीम पीड़ित बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराने के लिए अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, नई दिल्ली (एम्स) के पांच डॉक्टरों को साथ लाई थी। कड़ी सुरक्षा के बीच बच्चों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में परीक्षण कराया गया। एम्स की मेडिकल रिपोर्ट ने मामले में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और अदालत में साक्ष्य के रूप में पेश की गई।

10 वर्षों से बना रहा था अश्लील वीडियो

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पिछले करीब 10 वर्षों से बच्चों का यौन शोषण कर अश्लील वीडियो बनाकर बेचता था। उसने 50 से अधिक बच्चों को अपना शिकार बनाया। सीबीआई ने उसे 16 नवंबर 2020 को बांदा से गिरफ्तार किया था। उसके चित्रकूट स्थित किराए के मकान से लगभग आठ लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, वेब कैमरा, लैपटॉप, पेन ड्राइव, मेमोरी कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए थे।

मामले के उजागर होने के बाद रामभवन को निलंबित कर दिया गया था। शुक्रवार को विशेष पॉक्सो कोर्ट ने दोनों आरोपियों को दोषी मानते हुए मृत्यु दंड की सजा सुनाई। अदालत के इस फैसले को बच्चों के खिलाफ अपराधों पर सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “बांदा बाल यौन शोषण मामला: जेई रामभवन और पत्नी को विशेष पॉक्सो कोर्ट से मृत्यु दंड”

Leave a Reply