Breaking News

अलीगढ़ में फायरिंग के बाद AMU हॉस्टल में पुलिस की दबिश, हथियार और नकली नोट बरामद

Bolta Sach News
|
AMU after the firing in Aligarh
बोलता सच,अलीगढ़ : अलीगढ़ में एफएम टावर के पास हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सर जियाउद्दीन हॉल में छापा मारा। इस दौरान एक कमरे से हथियार, कारतूस, नकली नोट और संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए गए। हालांकि, कमरे में रहने वाले आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो गए और उनकी तलाश जारी है।

जानकारी के मुताबिक, पूरा मामला क्वार्सी थाना क्षेत्र के अनूपशहर रोड स्थित एक्वा वाटर पार्क के बाहर हुए विवाद से शुरू हुआ। गाड़ी आगे-पीछे करने को लेकर शाहिद अली का कुछ एएमयू छात्रों और उनके साथियों से झगड़ा हो गया था, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस के आने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए थे।

बताया जा रहा है कि अगले दिन सुबह इन्हीं आरोपियों ने शाहिद अली के आशियाना ग्रीन सोसाइटी स्थित घर पर फायरिंग कर दी और फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एमएम टावर निवासी फैसल, अशरफ और साकिब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने जब जियाउद्दीन हॉल में तलाशी अभियान चलाया तो एक कमरे से चौंकाने वाली बरामदगी हुई। पुलिस को वहां से 32 बोर की दो देसी पिस्टल, मैगजीन, .315 बोर के चार खोखे, 9 एमएम का एक कारतूस और 12 बोर के चार कारतूस मिले। इसके अलावा 100-100 रुपये के छह नकली नोट और कई संदिग्ध दस्तावेज भी बरामद किए गए।

तलाशी के दौरान पुलिस को आठ मोबाइल फोन, एक लैपटॉप और शहबाज के नाम की हाईस्कूल की दो मार्कशीट भी मिली हैं। इन बरामद वस्तुओं के आधार पर पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है।

इस संबंध में सीओ सिटी सर्वम सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी शहबाज ने हॉस्टल के कमरे में रहने वाले अन्य छात्रों को डरा-धमकाकर बाहर निकाल दिया था और खुद वहां रहकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।

पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है। इस घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: