Breaking News

रामपुर कारखाना में 122 जीवित मतदाताओं को मृत दिखाकर नाम कटवाने का आरोप, गांव में हंगामा

Bolta Sach News
|
Rampur Karkhana has 122 live voters.
बोलता सच,देवरिया/रामपुर कारखाना : विधानसभा क्षेत्र रामपुर कारखाना की ग्राम पंचायत विशुनपुर उर्फ चिरकिहवा में मतदाता सूची से छेड़छाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। यहां 122 जीवित और अपने घरों में रह रहे मतदाताओं को मृत या बाहर का निवासी दिखाकर उनका नाम वोटर लिस्ट से कटवाने की कोशिश की गई। इसके लिए बाकायदा फार्म-7 भरकर बीएलओ के पास जमा कर दिया गया था।
मामला तब उजागर हुआ जब संबंधित मतदाताओं को नोटिस मिले। नोटिस मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण प्राथमिक विद्यालय परिसर में जुटने लगे। इसी दौरान जिस व्यक्ति के नाम से फार्म-7 जमा किए गए थे, उसके पुत्र ने फार्म पर किए गए हस्ताक्षर देखकर आपत्ति जताई और उन्हें फर्जी बताया। कुछ ही देर बाद संबंधित व्यक्ति बिकाऊ मद्धेशिया भी मौके पर पहुंचे और शपथपत्र देकर यह स्पष्ट किया कि फार्म-7 पर किए गए हस्ताक्षर उनके नहीं हैं और पूरी प्रक्रिया जालसाजी है।
देखते ही देखते विद्यालय परिसर में ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। अधिकांश लोग यह जानकर आक्रोशित थे कि वे जीवित हैं, गांव में रह रहे हैं, इसके बावजूद उन्हें मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की गई।
मामले की सूचना मिलते ही रामपुर कारखाना की पूर्व विधायक गजाला लारी समाजवादी पार्टी के नेताओं के साथ गांव पहुंचीं। उन्होंने मौके पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन किया और जिन लोगों के नाम कटने की प्रक्रिया में थे, उनका सत्यापन किया। जांच के दौरान अधिकांश मतदाता मौके पर ही मौजूद पाए गए, जिससे फर्जीवाड़े की आशंका और गहरा गई।
पूर्व विधायक गजाला लारी ने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के इशारे पर जानबूझकर जिंदा और गांव में रह रहे मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ बताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
वहीं, बीएलओ आफताब आलम ने बताया कि गांव के 122 मतदाताओं के नाम काटने के लिए फार्म-7 जमा किए गए थे, जो गांव के ही एक व्यक्ति के नाम से दाखिल हुए थे। पूरे मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मतदाता सूची में किसी भी तरह की गड़बड़ी न होने दी जाए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

इसको भी पढ़ें : सुप्रीम कोर्ट से अनुराग ठाकुर को बड़ी राहत, बीसीसीआई से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने की अनुमति

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “रामपुर कारखाना में 122 जीवित मतदाताओं को मृत दिखाकर नाम कटवाने का आरोप, गांव में हंगामा”

Leave a Reply