Breaking News

पाकिस्तानी नागरिकता छिपाकर शिक्षिका बनी महिला पर एफआईआर, जांच में जुटीं पुलिस व एलआईयू की टीमें

Bolta Sach News
|
By hiding Pakistani citizenship
बोलता सच,रामपुर : पाकिस्तानी नागरिकता का तथ्य छिपाकर शिक्षिका की नौकरी हासिल करने के मामले में अजीमनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। इस प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एलआईयू समेत पुलिस की तीन टीमें जांच में जुटी हैं। जल्द ही इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंपे जाने की संभावना है।

जानकारी के अनुसार, शहर के कोतवाली क्षेत्र के आतिशबाज मोहल्ला निवासी अख्तर अली की बेटी फरजाना का निकाह 17 जून 1979 को पाकिस्तान निवासी सिबगत अली से हुआ था। निकाह के बाद वह पाकिस्तान चली गई, जहां उसने पाकिस्तानी नागरिकता ले ली। वहां रहते हुए उसने दो बेटियों को जन्म दिया। करीब तीन साल बाद उसका तलाक हो गया, जिसके बाद वह अपनी दोनों बेटियों के साथ रामपुर स्थित मायके लौट आई।

वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रह रही फरजाना के खिलाफ वर्ष 1983 में एलआईयू की ओर से शहर कोतवाली में विदेशी अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बावजूद उसने पाकिस्तानी नागरिकता का तथ्य छिपाते हुए 22 जनवरी 1992 को शिक्षिका की नौकरी हासिल कर ली। बाद में एलआईयू की जांच में मामला उजागर होने पर उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।

शासनादेश जारी होने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कल्पना देवी की ओर से अजीमनगर थाने में तहरीर दी गई, जिसके आधार पर पुलिस ने अब नई प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि मामले की जांच एलआईयू सहित तीन टीमें कर रही हैं और जल्द ही इसे क्राइम ब्रांच को सौंपा जाएगा, ताकि पूरे प्रकरण की गहनता से जांच की जा सके।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: