Breaking News

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने की समीक्षा बैठक, बिजली चोरी वाले फीडरों पर होगी सख्त कार्रवाई

Bolta Sach News
|
Energy Minister AK Sharma
बोलता सच ,लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित शक्ति भवन में शुक्रवार को ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विभागीय कामकाज की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति, बिलिंग, मीटरिंग और विजिलेंस से जुड़ी व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि बिजली चोरी और उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान को लेकर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बिजली चोरी वाले फीडरों पर स्मार्ट मीटर
बैठक में मंत्री ने कहा कि ऐसे सभी फीडरों को चिह्नित किया जाए, जहां 50 प्रतिशत से अधिक बिजली चोरी हो रही है। इन फीडरों पर प्राथमिकता के आधार पर स्मार्ट मीटर लगाए जाएं ताकि चोरी पर नियंत्रण पाया जा सके। साथ ही विजिलेंस टीम को निर्देशित किया गया कि कार्रवाई केवल उन्हीं क्षेत्रों में हो, जहां चोरी की समस्या अधिक है।
त्योहारों में नहीं होगी कटौती
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए अंधेरे और बिजली कटौती की घटनाएं किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं होंगी। उन्होंने साफ कहा कि उपभोक्ताओं को त्योहारों के समय बेहतर और निर्बाध आपूर्ति मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि विजिलेंस टीमें अपनी मर्जी से कहीं भी छापेमारी न करें।
गरीब उपभोक्ताओं को न हो परेशान
शर्मा ने अधिकारियों को हिदायत दी कि कार्रवाई करते समय पारदर्शिता और जवाबदेही का पालन जरूर किया जाए। गरीब और छोटे उपभोक्ताओं को किसी भी स्थिति में परेशान न किया जाए। मंत्री ने कहा कि लक्ष्य बड़े पैमाने पर हो रही बिजली चोरी को रोकना है, न कि छोटे उपभोक्ताओं को प्रताड़ित करना।
ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत
ऊर्जा मंत्री ने मरम्मत और रखरखाव से जुड़ी व्यवस्थाओं पर भी सख्ती दिखाई। उन्होंने कहा कि ट्रांसफार्मरों की समय पर मरम्मत और बदलने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न उठानी पड़े। खासकर हाई लॉस एरिया में ट्रांसफार्मरों को समय पर बदलने के निर्देश दिए गए।
बिल न चुकाने वाले क्षेत्रों पर सख्ती
बैठक में मंत्री ने एक और अहम बिंदु उठाया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में उपभोक्ताओं द्वारा बिजली बिल भुगतान की स्थिति बेहद खराब है। जहां 90 प्रतिशत उपभोक्ता बिल नहीं जमा करते, वहां भी ट्रांसफार्मर की मरम्मत और बदलने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए जरूरी है ताकि 10 प्रतिशत ईमानदार उपभोक्ता दिक्कतों का सामना न करें।
संविदाकर्मियों पर भी सख्ती
मंत्री ने यह भी निर्देश दिया कि पुराने संविदाकर्मियों को हटाकर उनकी जगह नए कर्मियों की तैनाती की जाए। उन्होंने साफ कहा कि विभागीय कार्य में लापरवाही और शिथिलता दिखाने वालों पर कार्रवाई होगी।
जनता की सुविधा सर्वोपरि
बैठक के अंत में ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को याद दिलाया कि उपभोक्ताओं की संतुष्टि ही विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान सुचारु आपूर्ति और ईमानदार उपभोक्ताओं को बिना परेशानी बिजली मिलना सबसे बड़ा लक्ष्य है।

इसे भी पढ़ें :संपत्ति के लालच में पिता की हत्या, छह माह बाद पुलिस ने खोला राज

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: