Breaking News

यूपी में आंधी-तूफान का कहर, बरेली में तेज हवा से 50 फीट तक उछला व्यक्ति; 89 लोगों की मौत

Bolta Sach News
|
Storm wreaks havoc in UP
बोलता सच, बरेलीउत्तर प्रदेश में बुधवार को आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं, बिजली गिरने और खराब मौसम के कारण प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अब तक 89 लोगों की मौत की खबर सामने आई है, जबकि करीब 53 लोग घायल बताए जा रहे हैं। इसके अलावा 114 मवेशियों की मौत और बड़ी संख्या में घरों, दुकानों तथा फसलों को नुकसान पहुंचने की सूचना मिली है।
इसी बीच बरेली से सामने आया एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि तेज आंधी के दौरान एक व्यक्ति बारातघर के टीनशेड के पोल की रस्सी पकड़कर खड़ा था। तभी हवा का जबरदस्त झोंका आया और वह व्यक्ति करीब 50 फीट तक हवा में उछल गया। बाद में वह खेत में जाकर गिरा, जिससे उसके हाथ-पैर टूट गए और गंभीर चोटें आईं।

घायल व्यक्ति की पहचान 50 वर्षीय नन्हे मियां के रूप में हुई है। वह बरेली जिले के भमोरा क्षेत्र के बबियाना गांव के रहने वाले हैं। मीडिया से बातचीत में नन्हे मियां ने बताया कि दोपहर में अचानक मौसम खराब हो गया था और तेज हवा के कारण टीनशेड उड़ने लगा। उसे रोकने के लिए वह लोहे के पोल की रस्सी पकड़कर खड़े थे।
नन्हे मियां ने बताया, “हवा इतनी तेज थी कि मुझे कुछ समझ ही नहीं आया। मैं रस्सी पकड़े हुए था और अचानक हवा के साथ ऊपर उठ गया। करीब 50 फीट ऊपर चला गया। फिर खेत में जाकर गिरा। मुझे काफी चोटें आई हैं और सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है।”
घटना के समय वहां कुछ और लोग भी मौजूद थे, लेकिन वे सुरक्षित बच गए। फिलहाल नन्हे मियां का अस्पताल में इलाज चल रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखकर लोग हैरान हैं और कई लोग इसे अविश्वसनीय बता रहे हैं।
प्रदेश में आंधी-तूफान से सबसे ज्यादा नुकसान प्रयागराज में हुआ, जहां 21 लोगों की मौत हुई है। इसके अलावा संत रविदास नगर में 14, फतेहपुर में 11 और मिर्जापुर में 10 लोगों की जान गई है। उन्नाव, बदायूं, बरेली, प्रतापगढ़ समेत कई जिलों में भी लोगों की मौत और भारी नुकसान की खबरें सामने आई हैं।
तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए, कच्चे मकान ढह गए और बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। ग्रामीण इलाकों में छप्पर उड़ने और दीवार गिरने की घटनाएं बड़ी संख्या में सामने आई हैं।
मामले का संज्ञान लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और प्रभावित परिवारों को तत्काल मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज और नुकसान का जल्द सर्वे कराने को भी कहा गया है।

इसे भी पढ़े : देवरिया में युवक पर हमला, फायरिंग का आरोप; घायल मेडिकल कॉलेज में भर्ती


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: