बोलता सच,लखनऊ : समाजवादी विचारक एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जनेश्वर मिश्र की जयंती पर बुधवार को समाजवादी पार्टी ने राजधानी लखनऊ में शक्ति प्रदर्शन किया। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में प्रदेशभर से आए बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और नेताओं की मौजूदगी से पूरा परिसर समाजवादी नारों से गूंज उठा।
सुबह करीब 11:30 बजे अखिलेश यादव जनेश्वर मिश्र पार्क पहुंचे। वह गोल्फ कार्ट के जरिए प्रतिमा स्थल तक पहुंचे, लेकिन जैसे ही कार्ट से उतरे, समर्थकों की भारी भीड़ उन्हें घेरने लगी। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों को काफी मशक्कत के बाद भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें सुरक्षित प्रतिमा तक पहुंचाया गया। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया।
इसके बाद अखिलेश यादव पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित ‘प्रबुद्धजन सम्मेलन’ में हिस्सा लिया। सम्मेलन का उद्देश्य ब्राह्मण समाज के बीच पार्टी की पकड़ मजबूत करना था। इसमें प्रदेशभर से ब्राह्मण समाज से जुड़े पार्टी नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्र ने समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने और पार्टी के विस्तार के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके विचार आज भी समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी ताकत हैं। अखिलेश ने कहा कि जनेश्वर मिश्र पार्क में बड़े कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन इससे 2027 में बदलाव की आवाज को रोका नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि “लोहिया पार्क भले छोटा हो, लेकिन विचारों के लिहाज से वह देश का सबसे बड़ा पार्क है।”
इस दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति से घबराई हुई है और इसी वजह से उसकी नई-नई परिभाषाएं गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सभी वर्गों को एकजुट होकर भाजपा को जवाब देना होगा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा को यह समझ लेना चाहिए कि “पीडीए में ‘पी’ का मतलब पंडित भी है और पंडितों को जितना दबाने की कोशिश होगी, वे उतने ही मजबूत होंगे।”
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ब्राह्मणों के फर्जी एनकाउंटर कराए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो किसी भी प्रकार का फर्जी एनकाउंटर नहीं होने दिया जाएगा।
अभिषेक मिश्रा ने आगे कहा कि मौजूदा सरकार के दौरान हुए कथित फर्जी एनकाउंटरों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी भी अधिकारी की भूमिका सामने आती है, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
जनेश्वर मिश्र की जयंती के बहाने आयोजित इस कार्यक्रम को राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां समाजवादी पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं की ताकत का प्रदर्शन किया, वहीं दूसरी ओर ब्राह्मण समाज को साधने और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक संदेश देने की भी कोशिश की। कार्यक्रम के दौरान पार्टी नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और समाजवादी विचारधारा को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।
इसे भी पढ़े : दिल्ली में सांसद पप्पू यादव के आवास पर हंगामा, हमले के आरोप-प्रत्यारोप; पुलिस जांच में जुटी
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































