Breaking News

कासगंज में महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मां और समधी निकले कातिल

Bolta Sach News
|
Murder of a woman in Kasganj

बोलता सच,उत्तर प्रदेश : कासगंज जिले के थाना सुन्नगढ़ी क्षेत्र में 26 दिसंबर को सड़क किनारे मिले महिला शबनूर के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। जांच में सामने आया कि शबनूर की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी मां ने अपने प्रेमी समधी के साथ मिलकर कराई थी। मां को डर था कि बेटी उसके अवैध संबंधों का खुलासा अपने पति से कर देगी।

एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि 26 दिसंबर को सुन्नगढ़ी थाना क्षेत्र के नगला खमानी के पास रामछितौनी बम्बा किनारे पचपोखरा निवासी शबनूर पत्नी जाविर का शव बरामद हुआ था। इस मामले में शबनूर की मां यासमीन ने दामाद और ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

जांच में खुली अवैध संबंधों की परतें

पुलिस द्वारा गहन जांच शुरू किए जाने पर मामले में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। सीओ सहावर शाहिदा नसरीन ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी मां यासमीन ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। यासमीन के बदायूं के उझानी निवासी अपने समधी रहीस अहमद के साथ अवैध संबंध थे, जिसकी जानकारी शबनूर को हो गई थी।

शबनूर इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रही थी और उसने धमकी दी थी कि वह इसकी जानकारी अपने पति को दे देगी। इसी डर से यासमीन ने रहीस अहमद के साथ मिलकर बेटी की हत्या की साजिश रची।

साजिश के तहत की गई हत्या

पुलिस के अनुसार, 25 दिसंबर की रात साजिश के तहत रहीस अहमद ने शबनूर की हत्या कर दी और शव को बम्बे की पटरी पर फेंक दिया। पहचान छिपाने और लूट की घटना का रूप देने के लिए आरोपी ने शबनूर के जेवर भी उतार लिए थे।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बाइक और लूटे गए जेवर बरामद कर लिए हैं।

धाराओं में बदलाव, निर्दोष ससुराल पक्ष को राहत

जांच में साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने मुकदमे से दहेज हत्या की धाराएं हटा दी हैं और उनकी जगह हत्या व आपराधिक साजिश समेत अन्य गंभीर धाराएं जोड़ी गई हैं। थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। इस खुलासे के बाद दहेज हत्या के आरोप में फंसे निर्दोष ससुराल पक्ष को बड़ी राहत मिली है।


इसको भी पढ़ें : ममता बनर्जी रखेंगी गंगासागर सेतु की आधारशिला, सागर द्वीप को मिलेगा स्थायी सड़क संपर्क


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

3 thoughts on “कासगंज में महिला की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, मां और समधी निकले कातिल”

Leave a Reply

error: