Breaking News

ग्रेटर नोएडा में 800 वर्ष पुरानी जैन प्रतिमा चोरी का खुलासा, मंदिर सहायक समेत दो गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
800 year old temple in Greater Noida
बोलता सच,नोएडा : ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र में सुनपुरा गांव स्थित प्राचीन जैन मंदिर में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। मामले में मंदिर के सहायक और एक पूर्व वेल्डिंग कर्मचारी को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से करीब 800 वर्ष पुरानी अष्टधातु की प्राचीन प्रतिमा, चांदी की पांडुकशिला के आठ टुकड़े, चांदी का नारियल और चांदी का कलश बरामद किया गया है। बरामद सामान की अनुमानित कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

एसीपी राजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि मंदिर में कार्यरत मुलायम और चेतन ने मंदिर परिसर से कीमती धार्मिक वस्तुएं चोरी कर ली हैं। इस संबंध में मंदिर के अकाउंटेंट आशीष कुमार की तहरीर पर बीएनएस की धारा 305(डी) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर मंगलवार को पुलिस ने सुनपुरा गांव क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर चोरी किया गया समस्त सामान बरामद कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुलायम सिंह निवासी बिजोरी पाठक, जिला दमोह (मध्य प्रदेश) और चेतन निवासी धूम मानिकपुर, बादलपुर के रूप में हुई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस चोरी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। बरामद प्रतिमा और अन्य धार्मिक सामग्री को सुरक्षित रख लिया गया है। स्थानीय लोगों ने मामले के त्वरित खुलासे पर पुलिस की सराहना की है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: