Breaking News

बरेली में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: मौलाना तौकीर रजा के करीबी कॉलोनाइज़र आरिफ की दो संपत्तियों पर चला बुलडोज़र

Bolta Sach News
|
Major action by the administration in Bareilly

बोलता सच : बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल के बाद से प्रशासन अपराधियों, साजिशकर्ताओं और उनके नेटवर्क पर लगातार शिकंजा कस रहा है। बवाल के मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता माने जा रहे मौलाना तौकीर रजा फतेहगढ़ जेल में बंद हैं, जबकि उनके करीबियों पर भी प्रशासन की कार्रवाई तेज हो गई है। इसी क्रम में शनिवार को बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने तौकीर रजा के करीबी और कॉलोनाइज़र मोहम्मद आरिफ की दो बड़ी संपत्तियों पर बुलडोज़र चलाकर ध्वस्तीकरण अभियान शुरू किया

अवैध निर्माणों पर बड़ी कार्रवाई, पुलिस ने चारों ओर से घेरा

शनिवार सुबह 11 बजे BDA की टीम पीलीभीत बाईपास रोड और जगतपुर क्षेत्र में स्थित आरिफ की दो संपत्तियों पर पहुंची। कार्रवाई शुरू करने से पहले ही प्रशासन ने पूरा इलाका पुलिस छावनी में बदल दिया था। बारादरी थाना पुलिस ने क्षेत्र को चारों ओर से घेर लिया, जबकि आसपास के थानों से भारी पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव ने खुद माइक लेकर लोगों को दूर रहने की अपील की, ताकि कोई अव्यवस्था या विरोध की स्थिति न बने।

बिना नक्शा पास कराए बनाए थे शोरूम और मार्केट

BDA उपाध्यक्ष डॉ. ए. मणिकंडन ने बताया कि मोहम्मद आरिफ ने जगतपुर में अवैध दो मंजिला मार्केट और पीलीभीत बाईपास रोड पर कपड़ों का बड़ा शोरूम बिना किसी स्वीकृत नक्शे के खड़ा कर दिया था। इन परिसरों में जिम, होम डेकोर सेंटर समेत कई दुकानें संचालित हो रही थीं। जांच में निर्माण पूरी तरह अवैध पाए जाने के बाद 11 अक्टूबर को BDA ने दोनों परिसरों को सील कर दिया था।

15 दुकानों और दो बड़े शोरूम पर चला बुलडोज़र

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शनिवार को शुरू हुई। टीम ने premises के पिछले हिस्से से तोड़फोड़ शुरू की और जेसीबी की लगातार चोट से दीवारें ढहने लगीं। कुल मिलाकर 15 अवैध दुकानों और दो बड़े शोरूम को ध्वस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। आसपास भारी पुलिस बल तैनात है और बड़ी संख्या में लोग कार्रवाई देखने जुटे।

दुकानदारों ने लगाए गंभीर आरोप

11 अक्टूबर को हुए सीलिंग अभियान के दौरान दुकानदारों ने आरोप लगाया था कि उन्हें अपने सामान तक निकालने का मौका नहीं दिया गया। कई दुकानदारों ने बताया कि आरिफ ने उनसे 30–30 लाख रुपये लेकर दुकानें बेची थीं, जबकि कई दुकानों को किराये पर देकर हर महीने 8–9 हजार रुपये किराया वसूलता था। दुकानदारों का आरोप है कि उन्हें यह बताकर दुकानें दी गईं कि सभी कागजात पास हैं।

पीलीभीत रोड स्थित व्यापारिक परिसर भी अवैध

आरिफ के पीलीभीत रोड स्थित व्यावसायिक भवन के भूतल पर जाहिद हुसैन की फर्नीचर की दुकान चल रही थी। यह भवन लगभग सात–आठ साल पहले बनाया गया था और इसका भी कोई मानचित्र या रिकॉर्ड BDA में जमा नहीं था। इस परिसर पर भी आज से ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई। सुरक्षा के मद्देनज़र पूरे मार्ग पर यातायात रोक दिया गया और बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई है।


इसको भी पढ़ें : देवरिया के 3.10 लाख बिजली उपभोक्ताओं को मिलेगी बड़ी राहत, 1 दिसंबर से शुरू होगी ”बिजली बिल राहत योजना”

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: