बोलता सच,नालंदा : राजगीर थाना क्षेत्र के झुनकिया बाबा मंदिर के समीप हुई चर्चित मॉब लिंचिंग की घटना में नया मोड़ आ गया है। घटना के तीन दिन बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए तीन साधुओं को हिरासत में लिया है। वहीं, वीडियो में दिखाई दे रहे कुछ अन्य संदिग्धों और एक चालक की तलाश जारी है।
15 जून को चोरी के आरोप में पकड़े गए दो युवकों की कथित तौर पर भीड़ द्वारा पिटाई की गई थी। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अब सामने आए वायरल वीडियो ने मामले की जांच को नई दिशा दे दी है और शुरुआती पुलिस जांच पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
वायरल वीडियो में एक युवक को कुछ लोगों द्वारा घेरकर बेरहमी से पीटते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में युवक रहम की गुहार लगाता नजर आता है, लेकिन कथित तौर पर उसकी पिटाई जारी रहती है। वीडियो की सत्यता की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।
मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर निवासी 22 वर्षीय पिंटू पासवान और 22 वर्षीय श्रवण कुमार के रूप में हुई थी। दोनों मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना के बाद परिजनों ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए आरोप लगाया था कि दोनों युवकों का किसी भी आपराधिक गतिविधि से कोई संबंध नहीं था। परिजनों के मुताबिक, उन्हें मेला घुमाने के बहाने साथ ले जाया गया और बाद में चोर बताकर उनकी पिटाई की गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
इस मामले में झुनकिया बाबा मंदिर के महंत शरण जी महाराज ने पहले दावा किया था कि मंदिर में पूर्व में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी थीं। उनके अनुसार, 15 जून की सुबह चार लोग चोरी की नीयत से मंदिर परिसर में पहुंचे थे। लोगों की नजर पड़ने पर वे भागने लगे, जिनमें से दो को पकड़ लिया गया था। महंत का कहना था कि मंदिर परिसर में उनके साथ मारपीट नहीं हुई और बाद में उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया।
हालांकि, वायरल वीडियो सामने आने के बाद इन दावों पर सवाल उठने लगे हैं। वीडियो में कथित तौर पर मंदिर परिसर के आसपास युवक की पिटाई होती दिखाई दे रही है। इसके बाद पुलिस ने मामले में तीन साधुओं को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। फरार बताए जा रहे अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : देवरिया में सपा प्रवक्ता मनीष सिंह ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठाए सवाल, PHC की बदहाली पर जताई नाराजगी
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































