बोलता सच,मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के मिठनपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामबाग चौड़ी मोहल्ले में सोमवार शाम बुजुर्ग दंपती की नृशंस हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से सेवानिवृत्त अशोक कुंवर (73) और उनकी पत्नी नीलम कुंवर (68) की घर के भीतर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में यह वारदात पूरी तरह सुनियोजित प्रतीत हो रही है। मामले में प्रॉपर्टी विवाद, बड़ी रकम के लेनदेन और सुपारी किलिंग सहित कई पहलुओं पर जांच की जा रही है।
आधे घंटे के भीतर अंजाम दी गई वारदात
पुलिस के अनुसार, हत्या की घटना सोमवार शाम करीब 4 बजे से 4:30 बजे के बीच हुई। अशोक कुंवर का शव घर की पहली मंजिल पर बेड पर मिला, जबकि उनकी पत्नी नीलम कुंवर का शव दूसरी मंजिल पर स्थित किराये के कमरे में बरामद हुआ।
जांच में सामने आया कि नीलम कुंवर के हाथ-पैर और मुंह टेप से बंधे हुए थे तथा उनके चेहरे पर पॉलीथिन लपेटी गई थी, जिससे वह शोर न मचा सकें। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरी योजना के साथ वारदात को अंजाम दिया।
तीन दिन पहले किरायेदार बनकर आया था संदिग्ध
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि जिस कमरे में नीलम कुंवर का शव मिला, उसे घटना से महज तीन दिन पहले एक युवक ने किराये पर लिया था। वारदात के बाद से वह संदिग्ध फरार है। मौके से बरामद एक डायरी में नए किरायेदार का विवरण दर्ज मिला है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने हत्या की साजिश के तहत ही किराये पर कमरा लिया था।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए संदिग्ध
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में दो संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनकी उम्र करीब 24 से 25 वर्ष बताई जा रही है। दोनों ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था, हालांकि कुछ फुटेज में एक युवक का चेहरा आंशिक रूप से दिखाई दे रहा है। पुलिस उसकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्धों के फरार होने का वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसकी जांच की जा रही है।
घटनास्थल से मिले अहम सुराग
पुलिस ने घटनास्थल से रबर के ग्लव्स, टेप, एक झोला और इयरफोन बरामद किए हैं। सीढ़ियों पर इस्तेमाल किए गए ग्लव्स मिले, जबकि दूसरी मंजिल पर एक नई जोड़ी ग्लव्स और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस का मानना है कि आरोपी पूरी तैयारी और सुरक्षा के साथ हत्या करने पहुंचे थे।
बेटे की सतर्कता से खुला मामला
मृतक दंपती का बेटा निखिल बेंगलुरु में रहता है। जब शाम तक पिता का फोन नहीं लगा और सीसीटीवी में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई दीं, तो उसने पड़ोसी को घर जाकर देखने के लिए कहा। पड़ोसी के पहुंचने पर पहली मंजिल पर अशोक कुंवर और दूसरी मंजिल पर नीलम कुंवर का शव मिला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
विश्वास जीतकर घर में घुसे थे आरोपी
सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध युवक अशोक कुंवर को कोई सामान देते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसे उन्होंने अपने पास रख लिया। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने किसी बहाने से उनका विश्वास जीता और फिर घर के भीतर वारदात को अंजाम दिया।
प्रॉपर्टी और लेनदेन के एंगल पर जांच
पुलिस को जानकारी मिली है कि अशोक कुंवर प्रॉपर्टी खरीद-बिक्री में रुचि रखते थे। हाल के दिनों में उनका लीवर तथा इससे पहले हृदय का ऑपरेशन भी हुआ था। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कहीं किसी बड़े आर्थिक लेनदेन या प्रॉपर्टी विवाद के कारण हत्या की साजिश तो नहीं रची गई। पुलिस सुपारी किलिंग की संभावना से भी इनकार नहीं कर रही है।
एसआईटी गठित, कई टीमें जांच में जुटीं
मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामले की जांच के लिए सिटी एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। डीआईयू, एसटीएफ और स्थानीय पुलिस की कई टीमें संदिग्ध किरायेदार और उसके साथियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही हैं।
पुलिस आसपास के तीन दिनों के सीसीटीवी फुटेज, मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।
इसे भी पढ़े : कौन हैं गीतांजलि आंग्मो? सोनम वांगचुक की पत्नी ने संभाला आंदोलन का मोर्चा, संसद मार्च का करेंगी नेतृत्व
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































