कार्यकर्ताओं ने स्थानीय लोगों को सड़क निर्माण की आवश्यकता के प्रति जागरूक किया और जल्द ही कार्य शुरू कराने की मांग दोहराई। प्रदर्शन के दौरान सड़क की जर्जर स्थिति को लेकर नारेबाजी की गई और क्षेत्रवासियों की नाराजगी व्यक्त की गई।
विजय रावत ने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विकास के नाम पर जनता को भ्रमित कर रही है और आम लोगों की बुनियादी समस्याओं से उसका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की सड़कों की खराब हालत इसका प्रत्यक्ष प्रमाण है।
रावत ने बताया कि बरहज-सोनूघाट-देवरिया मार्ग लंबे समय से उपेक्षित है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके कारण व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने, शीघ्र बजट स्वीकृत करने और कार्य शुरू कराने की मांग की।
सपा नेता ने लोगों से अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रखने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सोच-समझकर निर्णय लेने की भी बात कही।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। इसमें इमामुद्दीन खान, हरिकेश यादव, दिनेश कुमार, रणविजय सिंह, राहुल यादव, संजय सिंह, राजन गुप्ता, पट्टू सिंह ठाकुर और पंकज तिवारी सहित कई लोग शामिल थे।