Breaking News

देवरिया: फर्जी फॉर्म-7 से मतदाता नाम काटने के आरोप में सपा का प्रदर्शन, चुनाव आयोग को ज्ञापन

Bolta Sach News
|
Deoria Voters with fake Form-7
बोलता सच,देवरिया : देवरिया जिले के बरहज विधानसभा क्षेत्र में कथित रूप से फर्जी फॉर्म-7 भरकर मतदाताओं के नाम काटे जाने के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बरहज के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को मुख्य निर्वाचन आयोग के नाम एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। विजय रावत ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार के इशारे पर दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं के नाम बड़ी संख्या में मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस प्रक्रिया पर तुरंत रोक नहीं लगी, तो सपा को बड़े स्तर पर आंदोलन करना पड़ेगा।
रावत का कहना था कि बरहज विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में एक विशेष जाति के लोगों के नाम फॉर्म-7 के जरिए जानबूझकर काटे जा रहे हैं, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि जीवित मतदाताओं को मृत दिखाकर उनके नाम हटाए जा रहे हैं, जो गंभीर अपराध की श्रेणी में आता है।
सपा नेता ने यह भी कहा कि एसआईआर प्रक्रिया पूरी होने और नाम मतदाता सूची में शामिल होने के बावजूद बड़े पैमाने पर फॉर्म-7 भरकर वोट काटे जा रहे हैं। उदाहरण के तौर पर उन्होंने सोनाड़ी और सुनहला गांवों का जिक्र किया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल रहे। ज्ञापन सौंपने वालों में राजन मिश्र, नवाब खान, नजमा खातून, सफीक खान, हैदर खान, फैयाज खान, फकरूद्दीन खान, बरतुलाही खान, तसउअर खान, जमील खान, सबिता खातून, विकास यादव, दिनेश कुमार, इमामुद्दीन खान सहित कई लोग मौजूद थे।

इसको भी पढ़ें : यूजीसी नियमों से लेकर लोकतंत्र तक, अलंकार अग्निहोत्री ने सरकार और जनप्रतिनिधियों पर साधा निशाना


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: