Breaking News

16 करोड़ के निर्माणाधीन पुल में मिली खामियां, डीएम ने जारी किया नोटिस; 48 घंटे में मांगी जांच रिपोर्ट

Bolta Sach News
|
Found in a bridge under construction worth Rs 16 crore
बोलता सच,देवरिया। जिले के खनुआ नाला स्थित चखनी घाट पर निर्माणाधीन 16 करोड़ रुपये की लागत वाले पुल में तकनीकी खामियां मिलने के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुल के एक पिलर और स्लैब में दोष पाए जाने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सेतु निगम के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
यह पुल उत्तर प्रदेश और बिहार की सीमा को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। लंबे समय से क्षेत्र के लोग स्थायी पुल की मांग कर रहे थे, क्योंकि यहां पहले लकड़ी का अस्थायी पुल था, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। क्षेत्रीय विधायक सभाकुंवर कुशवाहा के प्रयासों से सरकार ने स्थायी पुल निर्माण को मंजूरी दी थी और सेतु निगम द्वारा इसका निर्माण कराया जा रहा है।
हाल ही में पुल के निर्माणाधीन स्लैब में दरार और पिलर में तकनीकी खामियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। वीडियो सामने आते ही प्रशासन हरकत में आया और निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने तत्काल मामले का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य की जांच के निर्देश दिए। उन्होंने सेतु निगम के अधिशासी अभियंता से पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण तलब किया है और स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक परियोजनाओं में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मामले की निष्पक्ष जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की गई है। समिति में लोक निर्माण विभाग के अभियंता, जिला विकास अधिकारी तथा एक तकनीकी अधिकारी को शामिल किया गया है। टीम को 48 घंटे के भीतर अपनी विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
जांच रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया जाएगा कि निर्माण में आई खामियां तकनीकी कारणों से हैं या फिर निर्माण कार्य में लापरवाही और मानकों की अनदेखी की गई है। रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ निलंबन सहित कड़ी कार्रवाई की जा सकती है।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की सुरक्षा और सुविधा से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी तरह की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को आवश्यक सुधारात्मक कदम तत्काल उठाने के निर्देश भी दिए हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

इसे भी पढ़े : देवरिया : अवतार नशा मुक्ति केंद्र में दो मौतों का मामला: दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन पहुंच चुके जेल


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: