बोलता सच,लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि देश की आस्था के साथ छल किया गया है। उन्होंने कहा कि आज धर्म और आस्था को बेचने का काम किया जा रहा है तथा भगवान के नाम पर लोगों की भावनाओं का सौदा किया गया है।
अजय राय ने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि से जुड़ी जो जानकारियां सामने आ रही हैं, वे एक संगठित लूट की ओर इशारा करती हैं। उन्होंने दावा किया कि इस पूरे मामले में बड़े-बड़े लोग शामिल हैं और इस संबंध में आरोप खुद भाजपा के पूर्व सांसदों द्वारा लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट में सेवानिवृत्त नौकरशाह नृपेंद्र मिश्रा को अध्यक्ष बनाया गया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रमुख सचिव रह चुके हैं। अजय राय ने आरोप लगाया कि यदि ट्रस्ट में गड़बड़ियां हुई हैं तो इसकी जवाबदेही केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी बनती है।
कांग्रेस नेता ने ट्रस्ट के अन्य पदाधिकारियों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि ट्रस्ट में शामिल कुछ लोग पहले से विवादों में रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रस्ट में RSS पृष्ठभूमि के लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गईं और अब सरकार द्वारा विशेष जांच दल (SIT) गठित किए जाने से यह स्पष्ट होता है कि मामले में गंभीर अनियमितताओं की आशंका है।
अजय राय ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन और शिलापूजन अभियान के दौरान लोगों से बड़ी मात्रा में धन एकत्र किया गया था, लेकिन उसका पूरा हिसाब-किताब सार्वजनिक नहीं किया गया। उन्होंने मांग की कि इस धनराशि का पूरा विवरण देश के सामने रखा जाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था के नाम पर जुटाए गए चंदे में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं। साथ ही मांग की कि गठित SIT अपनी जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर सार्वजनिक करे।
अजय राय ने यह भी कहा कि जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जानी चाहिए, जिन पर किसी अन्य मामले की जांच या विवाद का साया न हो।
इसे भी पढ़े : शिव मंदिर सरोवर में नहाने के दौरान दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































