Breaking News

मनरेगा खत्म करना गरीबों को बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश: खरगे-राहुल का केंद्र पर हमला

Bolta Sach News
|
Ending MNREGA will harm the poor
बोलता सच,नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को ‘विकसित भारत–जी राम जी अधिनियम’ को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी कानून (मनरेगा) को कमजोर या खत्म करने की कोशिश गरीबों को बंधुआ मजदूर बनाने की साजिश है। पार्टी ने साफ किया कि 28 जनवरी से शुरू होने वाले संसद के बजट सत्र में इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया जाएगा।

इस दौरान खरगे और राहुल गांधी मजदूर की वेशभूषा में नजर आए। दोनों ने माथे पर गमछा बांधा और हाथों में फावड़ा लेकर मनरेगा के समर्थन में प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया।

राहुल गांधी ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण भारत की जीवन रेखा है और इसे बचाना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यह गांवों में बसने वाले भारत की आत्मा है और कांग्रेस का हर कार्यकर्ता इसकी रक्षा के लिए तैयार है।

वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया कि मनरेगा पर बीजेपी का हमला ग्राम स्वराज की अवधारणा को मिटाने की साजिश है। उन्होंने कहा कि मनरेगा को खत्म करना महात्मा गांधी का अपमान है, जिसे देश कभी स्वीकार नहीं करेगा। खरगे ने दावा किया कि यह पहली बार है जब किसी योजना से गांधी जी का नाम हटाने की कोशिश की जा रही है।

खरगे ने आगे कहा कि मोदी सरकार मनरेगा को कमजोर कर दबे-कुचले वर्गों को बंधुआ मजदूर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे लोगों को अमीरों के इशारों पर, उनकी शर्तों पर काम करने को मजबूर किया जाएगा। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा के तहत मिलने वाली 100 दिन की कानूनी रोजगार गारंटी को खत्म करने की कोशिश की जा रही है और कांग्रेस इसके खिलाफ देशभर में आंदोलन करेगी।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply