Breaking News

गोरखपुर में 6 वर्षीय मासूम की हत्या का खुलासा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुली आरोपी की झूठी कहानी

Bolta Sach News
|
6-year-old innocent in Gorakhpur

बोलता सच,गोरखपुर। गोरखपुर के सहजनवा थाना क्षेत्र में यूकेजी के छह वर्षीय छात्र अंशुमान सिंह की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि मासूम की मौत सिर दीवार से टकराने से नहीं, बल्कि गला दबाकर हत्या किए जाने से हुई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कल्पेश राय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसकी पत्नी नीलम राय से भी पूछताछ की जा रही है। मामले में उसके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

सहजनवा थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में शनिवार सुबह हुई इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। पुलिस के अनुसार, संतकबीरनगर जिले के धर्मसिंहवा थाना क्षेत्र निवासी कल्पेश राय ने मकान मालिक विनय सिंह के छह वर्षीय बेटे अंशुमान को गोलगप्पे खिलाने का लालच देकर अपने साथ ले गया। इसके बाद वह उसे वार्ड नंबर-10 स्थित लुचुई पुल के पास एक खंडहरनुमा मकान में ले गया, जहां पहले उसके हाथ-पैर बांधे और मुंह में कपड़ा ठूंस दिया ताकि वह शोर न मचा सके। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि बच्चे की मौत गला दबाने से हुई।

पूछताछ में आरोपी ने गढ़ी थी झूठी कहानी

गिरफ्तारी के बाद शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। उसने दावा किया कि बच्चे के हाथ-पैर बांधते समय उसका सिर दीवार से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस को उसके बयान पर संदेह था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट हो गया कि आरोपी की कहानी पूरी तरह झूठी थी और बच्चे की हत्या गला दबाकर की गई थी।

शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम

शनिवार शाम पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही अंशुमान का शव गांव पहुंचा, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बेटे का शव देखकर मां बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ीं, जबकि पिता विनय सिंह शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगे। मासूम के दादा-दादी भी अपने पोते को देखकर खुद को संभाल नहीं सके। परिवार की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया।

ग्रामीणों ने की फांसी की मांग

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर एसडीएम, सीओ समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस की निगरानी में मासूम का अंतिम संस्कार जल प्रवाहित कर किया गया।

पिता बोले— पूरी रात हमारे साथ बेटे को ढूंढता रहा आरोपी

मृतक अंशुमान के पिता विनय सिंह ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरी रात उनके साथ बेटे की तलाश करने का नाटक करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। उन्होंने बताया कि आरोपी उनके मकान में किराए पर रहता था और परिवार के संपर्क में था।

फिरौती के लिए बनाया था अपहरण का प्लान

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि प्रेम विवाह के बाद नौकरी छूट जाने, आर्थिक तंगी और बीमारी के कारण उसने मकान मालिक के बेटे के अपहरण की योजना बनाई थी। उसका इरादा 50 हजार रुपये की फिरौती मांगने का था। हालांकि योजना के दौरान उसने बच्चे की हत्या कर दी।

पुलिस ने कही यह बात

एसपी नॉर्थ ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी ने शुरुआत में पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन वैज्ञानिक साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर सच्चाई सामने आ गई। उन्होंने कहा कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


इसे भी पढ़े : विजय शंकर मिश्र बने अयोध्या राम मंदिर के नए एसपी सुरक्षा, शासन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: