Breaking News

पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, दो साल के मासूम को छोड़कर भागा पति

Bolta Sach News
|
wife's iron rod

बोलता सच,हमीरपुर। जिले के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के कम्हरिया गांव में रविवार भोर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व मंडल अध्यक्ष मोइनुद्दीन ने अपनी पत्नी रोशनी (27) की लोहे की रॉड से बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी घर में अपने दो वर्षीय बेटे असद को रोता-बिलखता छोड़कर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। मृतका की मां इशरत बानो ने आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए देर शाम मुटनी गांव के पास से मोइनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया।


दरवाजा अंदर से बंद, बच्चे की रोने की आवाज ने खोला राज

पड़ोसियों के अनुसार, रविवार सुबह मोइनुद्दीन के फूफा यूसुफ अली ने गांव के ही कमरुद्दीन को फोन कर बताया कि घर में कुछ अनहोनी हुई है। कमरुद्दीन जब पहुंचे तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर से बच्चे के रोने की आवाज आ रही थी।

सूचना पर कोतवाली प्रभारी उमेश यादव और सीओ सदर राजेश कमल मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से जब दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का नजारा भयावह था। कमरे में रोशनी का खून से लथपथ शव पड़ा था, और पास में उसका दो वर्षीय बेटा असद जोर-जोर से रो रहा था।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से लोहे की रॉड, खून के नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि रोशनी की हत्या उसके पति मोइनुद्दीन ने ही की है।


शराब के नशे में पत्नी से अक्सर करता था झगड़ा

स्थानीय लोगों के अनुसार, मोइनुद्दीन शराब का आदी था और आए दिन नशे में पत्नी से झगड़ा करता था। कई बार उसने रोशनी को घर से निकाल भी दिया था, लेकिन बाद में माफी मांगकर वापस ले आता था।

पड़ोसियों का कहना है कि शनिवार रात दोनों के बीच किसी बात पर झगड़ा हुआ होगा, जिसके बाद मोइनुद्दीन ने गुस्से में आकर रोशनी को कमरे में बंद कर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। वारदात के बाद वह घर छोड़कर फरार हो गया।


हत्या के आरोपी का आपराधिक इतिहास

ग्रामीणों ने बताया कि करीब दस वर्ष पहले मोइनुद्दीन गांव के ही एक युवक की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। उस समय उसका भाई कमरुद्दीन भी आरोपित था। जमानत पर छूटने के बाद मोइनुद्दीन ने राजनीति में सक्रियता दिखाई और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा से जुड़कर कुछ समय तक मंडल अध्यक्ष भी रहा।

बाद में वर्ष 2022 में मौदहा कस्बे के हैदरगंज मोहल्ला निवासी रोशनी से उसने प्रेम विवाह किया। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज की थी। यह रोशनी की दूसरी शादी थी।

शादी के दो वर्ष बाद ही दोनों के बीच विवाद बढ़ता चला गया। ग्रामीणों के अनुसार, मोइनुद्दीन अक्सर पत्नी पर शक करता था और नशे की हालत में मारपीट किया करता था।


पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने चारों ओर नाकेबंदी की और देर शाम तक आरोपी को मुटनी गांव के पास से दबोच लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

एएसपी मनोज गुप्ता ने कहा —

“प्रारंभिक जांच में यह साफ है कि पत्नी की हत्या मोइनुद्दीन ने ही की है। मृतका की मां की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।”


इस खबर को भी पढ़ें : सलेमपुर के सेंट जेवियर्स स्कूल के चार छात्र इसरो प्रशिक्षण में हुए शामिल, जिले का नाम किया रोशन

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

3 thoughts on “पत्नी की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या, दो साल के मासूम को छोड़कर भागा पति”

Leave a Reply

error: