Breaking News

मोदी-आडवाणी की तस्वीर पर दिग्विजय सिंह की पोस्ट से सियासी हलचल, सफाई देकर बोले—मैं RSS और मोदी का विरोधी हूं

Bolta Sach News
|
Digvijay on the picture of Modi-Advani
बोलता सच,नई दिल्ली : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह एक बार फिर अपने बयान को लेकर सियासी बहस के केंद्र में आ गए हैं। इस बार मामला बीजेपी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की कथित तारीफ से जुड़ा है। दिग्विजय सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वरिष्ठ बीजेपी नेता लालकृष्ण आडवाणी की एक पुरानी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए संगठन की मजबूती की बात कही, जिसके बाद कांग्रेस के भीतर ही इसे लेकर सवाल उठने लगे।
दिग्विजय सिंह की इस पोस्ट को कांग्रेस संगठन पर परोक्ष टिप्पणी के तौर पर देखा जा रहा है। विवाद बढ़ने के बाद उन्होंने अपनी ओर से सफाई भी दी है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि उनकी मंशा किसी व्यक्ति या विचारधारा की प्रशंसा करने की नहीं थी, बल्कि उन्होंने केवल संगठन की ताकत की बात कही है।

अपनी सफाई में क्या बोले दिग्विजय सिंह

उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आरएसएस और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरोधी रहे हैं और आगे भी रहेंगे। दिग्विजय सिंह ने कहा, “मेरी बात को गलत तरीके से समझा गया। मैंने सिर्फ ‘संगठन’ की प्रशंसा की है। संगठन को मजबूत करना और उसकी भूमिका को स्वीकार करना गलत नहीं हो सकता।” उन्होंने दोहराया कि उनका आरएसएस और मोदी सरकार से वैचारिक विरोध कायम है।

किस पोस्ट से मचा विवाद

दिग्विजय सिंह ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा था कि उन्हें यह तस्वीर एक वेबसाइट पर मिली, जो यह दिखाती है कि किस तरह आरएसएस का एक जमीनी कार्यकर्ता आगे चलकर मुख्यमंत्री और फिर देश का प्रधानमंत्री बना। उन्होंने इसे संगठन की ताकत का उदाहरण बताया। बिना तारीख की इस तस्वीर में नरेंद्र मोदी, लालकृष्ण आडवाणी और अन्य नेता एक सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आ रहे हैं। दिग्विजय ने इस पोस्ट में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, जयराम रमेश और प्रियंका गांधी समेत कई वरिष्ठ नेताओं को भी टैग किया था।
राजनीतिक गलियारों में इस पोस्ट को कांग्रेस के आंतरिक कामकाज और संगठनात्मक ढांचे पर अप्रत्यक्ष टिप्पणी माना जा रहा है। खास बात यह है कि यह पोस्ट पार्टी में सुधार और विकेंद्रीकरण की मांग से जुड़ी उनकी हालिया टिप्पणियों के कुछ ही दिनों बाद सामने आई।

बीजेपी की प्रतिक्रिया

इस पूरे विवाद पर बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने इसे कांग्रेस का आंतरिक मामला बताते हुए टिप्पणी करने से किनारा कर लिया। वहीं, बीजेपी नेता सीआर केसवन ने कहा कि दिग्विजय सिंह की पोस्ट से यह संकेत मिलता है कि कांग्रेस का संगठनात्मक ढांचा कमजोर है और पार्टी पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने यह भी पूछा कि क्या कांग्रेस नेतृत्व इस पर कोई प्रतिक्रिया देगा।
फिलहाल, दिग्विजय सिंह की यह पोस्ट कांग्रेस के भीतर और बाहर राजनीतिक चर्चाओं का विषय बनी हुई है।

इसको भी पढ़ें : क्षमता वृद्धि से बघौचघाट को मिली बड़ी सौगात: कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने नए पावर ट्रांसफार्मर व देवरिया धूस फीडर का किया लोकार्पण


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “मोदी-आडवाणी की तस्वीर पर दिग्विजय सिंह की पोस्ट से सियासी हलचल, सफाई देकर बोले—मैं RSS और मोदी का विरोधी हूं”

Leave a Reply

error: