Breaking News

कानपुर में पिता की क्रूरता से मासूम की मौत, शराबी पति पर बेटी की हत्या का आरोप

Bolta Sach News
|
Innocent child suffers from father's cruelty in Kanpur
बोलता सच,कानपुर : शहर के मसवानपुर इलाके से दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति पर शराब के नशे में मारपीट करने और एक साल की मासूम बेटी को ठंडे पानी से भरे टब में डालने का गंभीर आरोप लगाया है। इलाज के दौरान करीब एक महीने तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बच्ची ने शुक्रवार सुबह दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से आक्रोशित मां ने परिजनों के साथ ससुराल पहुंचकर जमकर हंगामा किया और पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

जानकारी के अनुसार, नवाबगंज के सूर्य विहार निवासी रामसिंह की बेटी रुचि की शादी 16 सितंबर 2024 को रावतपुर के मसवानपुर निवासी ई-रिक्शा चालक गोपाल गुप्ता से प्रेम विवाह के तौर पर हुई थी। शादी के बाद दंपती सूर्य विहार में ही किराये के मकान में रह रहे थे। आरोप है कि गोपाल गुप्ता शराब का आदी था और आए दिन पत्नी रुचि के साथ मारपीट करता था।

रुचि ने बताया कि करीब एक महीने पहले गोपाल शराब के नशे में घर आया और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। इसके बाद उसने गुस्से में आकर अपनी एक साल की बेटी सृष्टि को उठाया और ठंडे पानी से भरे टब में डाल दिया। इस घटना के बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ गई। घबराई मां ने आनन-फानन में उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां बच्ची का लंबे समय तक इलाज चला।

घटना के बाद से ही रुचि अपने मायके में रहने लगी थी। बच्ची करीब एक महीने तक अस्पताल में भर्ती रही और जिंदगी की जंग लड़ती रही, लेकिन शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई। मासूम की मौत की खबर मिलते ही मां और परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। रुचि अपनी बच्ची का शव गोद में लेकर मायके पक्ष के लोगों के साथ रावतपुर स्थित ससुराल पहुंची और पति पर बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।

सूचना पर रावतपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, इसलिए विसरा सुरक्षित रखा गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस घटना के बाद इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: