Breaking News

शीतलहर के बीच डीएम दिव्या मित्तल ने किया रैन बसेरों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर सख्त

Bolta Sach News
|
DM Divya amid cold wave
बोलता सच,देवरिया : देवरिया में शीतलहर और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने देर रात शहर की सड़कों पर निकलकर रैन बसेरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देवरिया बस स्टैंड, मेडिकल कॉलेज परिसर सहित शहर के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर बने रैन बसेरों में ठहरे जरूरतमंद लोगों की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सड़क किनारे जल रहे अलावों की व्यवस्था भी देखी और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि ठंड से बचाव के इंतजामों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने रैन बसेरों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए प्रमुख चौराहों और मार्गों पर संकेतक बोर्ड, फ्लैक्स और बैनर लगाने के निर्देश दिए, ताकि जरूरतमंद लोग आसानी से रैन बसेरों तक पहुंच सकें।
जिलाधिकारी ने निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों के साथ-साथ बस चालकों, परिचालकों और कुली वर्ग के लिए अलग रैन बसेरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवहन से जुड़े श्रमिक रात में अधिक समय सड़कों पर रहते हैं, ऐसे में उनके लिए सुरक्षित और सुविधाजनक ठहराव बेहद जरूरी है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अलग और सुरक्षित महिला रैन बसेरे की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने रैन बसेरों में साफ-सफाई, पर्याप्त कंबल, अलाव, रोशनी, शौचालय, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित रैन बसेरे में अलाव की व्यवस्था का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया, वहीं सुभाष चौक पर की गई अलाव व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में ठहरे लोगों से बातचीत कर सुविधाओं के बारे में जानकारी ली और उन्हें आश्वस्त किया कि शीतलहर के दौरान कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले में ठंड से जूझने को मजबूर न हो, यह जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रैन बसेरों का नियमित निरीक्षण करने और जरूरत के अनुसार व्यवस्थाओं को और मजबूत करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जैनेन्द्र सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) रामशंकर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी सदर श्रुति शर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद देवरिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इसको भी पढ़ें : 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ी गई महिला सब इंस्पेक्टर, एंटी करप्शन टीम की कार्रवाई


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

2 thoughts on “शीतलहर के बीच डीएम दिव्या मित्तल ने किया रैन बसेरों का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में लापरवाही पर सख्त”

Leave a Reply

error: