Breaking News

नोएडा में जीएसटी अधिकारी की 50 करोड़ से ज्यादा बेनामी संपत्तियां जब्त, आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई

Bolta Sach News
|
GST officer in Noida
बोलता सच,नोएडा : नोएडा में आयकर विभाग ने भ्रष्टाचार के आरोपों में घिरे जीएसटी विभाग के जबरन सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमिश्नर केशव लाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनकी करोड़ों रुपये की बेनामी संपत्तियों पर शिकंजा कस दिया है। विभाग ने उनकी पत्नी इंदु श्रीवास्तव के नाम पर खरीदी गई कई संपत्तियों को बेनामी घोषित कर अपने अधीन ले लिया है। इन संपत्तियों की कुल कीमत 50 करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।

जांच में सामने आया है कि केशव लाल ने कथित रूप से भ्रष्टाचार के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध कमाई की थी, जिसे उन्होंने अलग-अलग जगहों पर बेनामी निवेश के रूप में लगाया। आयकर विभाग की कार्रवाई के तहत नोएडा के पॉश सेक्टरों में स्थित एक आलीशान मकान, पांच फ्लैट, कई प्लॉट्स और हाईटेक सिटी में दो ऑफिस प्रॉपर्टी को जब्त किया गया है।

विभाग अब इस मामले की गहराई से जांच कर रहा है और ग्रेटर नोएडा सहित आसपास के क्षेत्रों के पांच बिल्डरों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। इन बिल्डरों के प्रोजेक्ट्स में केशव लाल द्वारा बेनामी निवेश किए जाने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज, आगरा और अन्य जिलों के रजिस्ट्री कार्यालयों से संपत्तियों का पूरा ब्योरा मांगा गया है।

गौरतलब है कि इस मामले में पहले भी बड़ी कार्रवाई हो चुकी है। 19 अप्रैल 2017 को नोटबंदी के दौरान आयकर विभाग ने नोएडा, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, गाजियाबाद और चंदौली समेत कई स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान नोएडा स्थित उनके घर से 10.77 करोड़ रुपये नकद बरामद हुए थे, जिन्हें अलमारियों, गद्दों, पूजा घर और यहां तक कि बाथरूम के फ्लश में छिपाकर रखा गया था। इसके अलावा कानपुर के लखनपुर स्थित एक किराए के मकान से चार करोड़ रुपये और करीब तीन करोड़ रुपये की ज्वेलरी भी बरामद की गई थी।

छापेमारी के बाद प्रदेश सरकार ने केशव लाल को जबरन सेवानिवृत्त कर दिया था और उनकी 100 प्रतिशत पेंशन भी रोक दी गई थी। मामले की जांच विजिलेंस विभाग को सौंपी गई थी, जिसने 6 जनवरी 2026 को अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की अनुमति दे दी गई।

अब विजिलेंस विभाग की टीम अगले सप्ताह नोएडा की तीनों प्राधिकरणों में जाकर संपत्तियों की गहन जांच करेगी। आयकर विभाग और अन्य एजेंसियों की इस संयुक्त कार्रवाई से यह साफ हो गया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में अब सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

जिन संपत्तियों पर कार्रवाई हुई है, उनमें सेक्टर-34 स्थित आवास, सेक्टर-116 और सेक्टर-144 के प्लॉट, सेक्टर-100 में फ्लैट और सेक्टर-32 के वेव मेगा सिटी सेंटर में खरीदी गई ऑफिस स्पेस शामिल हैं। फिलहाल जांच जारी है और आने वाले समय में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।


Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “नोएडा में जीएसटी अधिकारी की 50 करोड़ से ज्यादा बेनामी संपत्तियां जब्त, आयकर विभाग की बड़ी कार्रवाई”

Leave a Reply