Breaking News

अपर्णा यादव के घर पहुंचे रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, प्रतीक यादव के निधन पर जताया शोक

Bolta Sach News
|
Raksha reached Aparna Yadav's house
बोलता सच,लखनऊ। तीन दिवसीय प्रवास पर राजधानी पहुंचे रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की नेता और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव के आवास पहुंचकर दिवंगत प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और दुख की इस घड़ी में परिवार का हौसला बढ़ाया।
गौरतलब है कि 13 मई को प्रतीक यादव का अचानक निधन हो गया था। इस घटना के बाद से पूरा यादव परिवार गहरे शोक में है। राजनाथ सिंह के आवास पहुंचने पर अपर्णा यादव भावुक दिखाई दीं। रक्षा मंत्री ने उनसे बातचीत कर सांत्वना दी और परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।
इससे पहले राजनाथ सिंह ने कैंट क्षेत्र स्थित कस्तूरबा पार्क में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत पौधरोपण किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है।
इसके बाद रक्षा मंत्री अपर्णा यादव के कैंट स्थित आवास पहुंचे, जहां उन्होंने लगभग आधे घंटे तक परिवार के साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने परिवार के सदस्यों से बातचीत की और छोटी बच्ची को स्नेह भी दिया।
राजनाथ सिंह शुक्रवार सुबह लखनऊ पहुंचे थे। अमौसी हवाई अड्डे पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने उनका स्वागत किया। वहां से वे सीधे कृष्णानगर पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत व्यापारी नेता अशोक मोतियानी के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
रक्षा मंत्री का लखनऊ प्रवास रविवार तक जारी रहेगा। इस दौरान वह विभिन्न सामाजिक, सार्वजनिक और विकास संबंधी कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

इसे भी पढ़े : देवरिया : अवतार नशा मुक्ति केंद्र में दो मौतों का मामला: दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन पहुंच चुके जेल


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: