Breaking News

28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, अलग-अलग जिलों के लिए जारी हुआ रूट प्लान

Bolta Sach News
|
Jewar Airport on March 28
बोलता सच,नोएडा : दिल्ली से सटे गौतम बुद्ध नगर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 मार्च (शनिवार) को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे।

करीब 7 करोड़ यात्रियों की वार्षिक क्षमता और लगभग 10 लाख टन कार्गो हैंडलिंग की सुविधा के साथ यह देश का सबसे बड़ा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनने जा रहा है। उद्घाटन समारोह को लेकर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं और विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के लिए विस्तृत ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की गई है।

गाजियाबाद और मेरठ से आने का रूट

गाजियाबाद और मेरठ से आने वाले लोगों को ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे का उपयोग करना होगा। सिरसा टोल से उतरकर सिरसा गोलचक्कर, डाढा गोलचक्कर, सुपरटेक गोलचक्कर होते हुए होंडा सीएल चौक से पुस्ता तिराहा पहुंचना होगा। इसके बाद गलगोटिया यूनिवर्सिटी के सामने से डबल सर्विस रोड होते हुए दयानतपुर और रनेहरा पुलिस चौकी के पास अस्थायी गेट से प्रवेश मिलेगा।
गाजियाबाद के वाहन पार्किंग-6 में और मेरठ के वाहन पार्किंग-7 में खड़े किए जाएंगे।

मथुरा और अलीगढ़ से आने का रूट

मथुरा और अलीगढ़ से आने वाले लोग यमुना एक्सप्रेसवे के जरिए जेवर टोल पार कर जेवर कट से नीचे उतरें। इसके बाद सबौता अंडरपास से होते हुए किशोरपुर गेट से एंट्री दी जाएगी।
मथुरा के वाहनों के लिए पार्किंग-5 और अलीगढ़ के लिए पार्किंग-9 व 11 निर्धारित की गई है।

हापुड़, बुलंदशहर और खुर्जा से रूट

हापुड़, बुलंदशहर और खुर्जा से आने वाले लोग जेवर-खुर्जा रोड से होकर आएंगे। थोरा गांव से पहले दाएं मुड़कर पारोही गेट से प्रवेश मिलेगा। यहां टाटा बीचिंग प्लांट के सामने पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
हापुड़ के लिए पार्किंग-14 और बुलंदशहर व खुर्जा के लिए पार्किंग-13 तय की गई है।

ट्रैफिक प्रतिबंध भी लागू

प्रशासन की ओर से यह भी निर्देश जारी किए गए हैं कि 28 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 11 बजे तक नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और समारोह स्थल के आसपास के मार्गों पर सभी प्रकार के मालवाहक वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस भव्य आयोजन को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: