Breaking News

समुद्री सुरक्षा में भारत की बड़ी छलांग, तटरक्षक बल को मिले अत्याधुनिक हेलिकॉप्टर

Bolta Sach News
|
India's biggest challenge in maritime security
बोलता सच,नई दिल्ली : भारत की समुद्री ताकत को एक और बड़ा मजबूती भरा कदम मिला है। हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) ने बेंगलुरु में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारतीय तटरक्षक बल (ICG) को चार अत्याधुनिक ALH Mk III मैरीटाइम रोल (MR) हेलिकॉप्टर सौंपे। खास बात यह रही कि कंपनी ने इन हेलिकॉप्टरों की डिलीवरी तय समय-सीमा के भीतर पूरी की।
इन हेलिकॉप्टरों से जुड़े दस्तावेज कोच्चि और पोरबंदर स्थित कोस्ट गार्ड स्क्वाड्रनों को सौंपे गए। यह डिलीवरी मार्च 2024 में साइन किए गए 9 ALH Mk III (MR) हेलिकॉप्टरों के अनुबंध का हिस्सा है। इससे पहले HAL वर्ष 2022 तक तटरक्षक बल को 16 ऐसे हेलिकॉप्टर सौंप चुका है। इसके अलावा मार्च 2026 में 6 और हेलिकॉप्टरों के लिए एक अतिरिक्त ऑर्डर भी दिया गया था।
ALH Mk III (MR) दरअसल स्वदेशी ध्रुव एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर का समुद्री संस्करण है। यह दो इंजन वाला बहुउद्देश्यीय हेलिकॉप्टर है, जिसे विशेष रूप से कठिन समुद्री परिस्थितियों में ऑपरेशन के लिए डिजाइन किया गया है। इसका उपयोग निगरानी, खोज और बचाव अभियान, घायलों को निकालने, तटीय सुरक्षा, कानून प्रवर्तन, वीआईपी परिवहन, सैनिकों की आवाजाही, लॉजिस्टिक्स सपोर्ट और समुद्री डकैती-रोधी अभियानों में किया जाता है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने HAL की समयबद्ध डिलीवरी और तकनीकी दक्षता की सराहना करते हुए कहा कि इन हेलिकॉप्टरों के शामिल होने से तटरक्षक बल की रोटरी-विंग क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
इन हेलिकॉप्टरों में आधुनिक एवियोनिक्स सिस्टम, उन्नत ‘ग्लास कॉकपिट’ और रात में भी ऑपरेशन करने की क्षमता जैसी विशेषताएं मौजूद हैं। यही कारण है कि इन्हें हर मौसम और विभिन्न समुद्री परिस्थितियों में प्रभावी रूप से इस्तेमाल किया जा सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि ALH Mk III (MR) हेलिकॉप्टरों की यह नई खेप भारतीय तटरक्षक बल की ऑपरेशनल तैयारी को और अधिक सशक्त बनाएगी। इससे समुद्री सीमाओं की सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और आपातकालीन बचाव कार्यों में तेजी और दक्षता आएगी।
भारत की ‘आत्मनिर्भर रक्षा’ नीति के तहत यह उपलब्धि न केवल तकनीकी आत्मनिर्भरता को दर्शाती है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारत की समुद्री शक्ति को भी एक नई पहचान देती है।

इसे भी पढ़े : देवरिया में ई-रिक्शा चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार आरोपी गिरफ्तार

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply