बोलता सच,बलिया : बलिया जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी और सास की चाकू मारकर हत्या कर दी, जबकि ससुर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया है और पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के मुताबिक, घटना नगरा थाना क्षेत्र के बछईपुर गांव की है। आरोपी अमित कुमार गुप्ता, जो गड़वार थाना क्षेत्र के सिंहाचौर का रहने वाला है, शनिवार रात अपनी ससुराल पहुंचा था। किसी बात को लेकर उसकी पत्नी प्रीति से कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।
पत्नी और सास पर ताबड़तोड़ हमला
बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान अमित ने चाकू निकालकर पत्नी प्रीति पर हमला कर दिया। जब सास सुशीला देवी और ससुर अंतु गुप्ता बीच-बचाव के लिए आए, तो आरोपी ने उन पर भी चाकू से वार कर दिया। हमले में प्रीति और उनकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। अत्यधिक खून बहने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, घायल ससुर को स्थानीय लोगों ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
बच्चे को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, अमित और प्रीति ने वर्ष 2020 में प्रेम विवाह किया था। पिछले कुछ समय से दोनों के रिश्तों में तनाव चल रहा था, जिसके चलते प्रीति अपने मायके में रह रही थी। शनिवार रात अमित ससुराल पहुंचा और अपने बच्चे को जबरन ले जाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
पुलिस की टीमें तलाश में जुटीं
एसपी ओमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। स्वाट, सर्विलांस और फील्ड यूनिट की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग इस वारदात से स्तब्ध हैं।
इसे भी पढ़े : विश्व मलेरिया दिवस पर जिलेभर में जागरूकता अभियान, बच्चों ने लिया मलेरिया मुक्त समाज का संकल्प
➤ You May Also Like





























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































