Breaking News

एक माह से लापता महिला की हत्या की आशंका, गन्ने के खेत से खोपड़ी और हड्डियां बरामद

Bolta Sach News
|
Woman missing for a month found murdered
बोलता सच,कुशीनगर : नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में एक माह से लापता महिला का मामला अब हत्या की आशंका में बदल गया है। गन्ने के खेत से महिला की खोपड़ी और अन्य हड्डियां बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले में एक रिश्तेदार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

किशुनपुर विजयपुर गांव की रहने वाली 40 वर्षीय सुनैना पिछले एक माह से रहस्यमय ढंग से लापता थीं। शनिवार की शाम नौरंगिया और बरगहां गांव के बीच सरेह स्थित एक गन्ने के खेत में महिला की खोपड़ी, साड़ी और बाल मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष दीपक सिंह, उपनिरीक्षक मणिंद्र राय और श्रवण यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अवशेषों को कब्जे में लिया। रविवार को क्षेत्राधिकारी खड्डा वीरेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल और आसपास के गन्ने के खेतों की गहन तलाशी ली। इस दौरान रीड और जंघा की हड्डियां भी बरामद की गईं, जिन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

मृतका सुनैना के पति नेबुलाल की दो वर्ष पूर्व क्षयरोग से मौत हो चुकी थी। वह अपने दो बेटियों और एक बेटे अंगद के साथ रहती थीं। करीब एक माह पहले वह अचानक घर से गायब हो गई थीं। काफी खोजबीन के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला, तो बेटे अंगद ने 29 नवंबर को नेबुआ नौरंगिया थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस अब इस मामले को हत्या के एंगल से जांच रही है। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: