न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, यह बैठक ऐसे समय हो रही है जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हालात तेजी से बदल रहे हैं। इससे पहले 22 मार्च को भी सीसीएस की बैठक बुलाई गई थी।
ट्रंप के संबोधन से बढ़ी बैठक की अहमियत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 2 अप्रैल को ईरान को लेकर राष्ट्र को संबोधित करने वाले हैं। व्हाइट हाउस के अनुसार, इस संबोधन में ईरान पर “महत्वपूर्ण” अपडेट दिए जाएंगे। भारतीय समयानुसार यह संबोधन सुबह 6:30 बजे होगा।
ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि आने वाले हफ्तों में ईरान के खिलाफ कार्रवाई पर निर्णय लिया जा सकता है। साथ ही, उन्होंने होर्मज जलडमरुमध्य को लेकर कहा कि इसकी जिम्मेदारी उन देशों पर है, जो तेल आपूर्ति के लिए इस पर निर्भर हैं।
क्या है कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी (CCS)
कैबिनेट कमेटी ऑन सिक्योरिटी भारत सरकार की सबसे महत्वपूर्ण निर्णय लेने वाली संस्था है, जो राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा और सामरिक मामलों पर बड़े फैसले लेती है। इसमें प्रधानमंत्री के अलावा रक्षा, गृह, वित्त और विदेश मंत्री शामिल होते हैं। जरूरत पड़ने पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार भी बैठक में मौजूद रहते हैं।
पिछली बैठक में क्या हुआ था
इससे पहले हुई बैठक में पीएम मोदी ने कहा था कि युद्ध का असर पूरे विश्व पर पड़ रहा है। उन्होंने जोर दिया था कि भारत सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा और आवश्यक आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठा रही है। इस बार की बैठक में भी वैश्विक तनाव, ऊर्जा आपूर्ति, और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।